मंदिर की दो किलो मीटर की परिधि में रहेगी सुरक्षा
मंदिर के दो किलोमीटर की परिधि में विशेष पुलिस सुरक्षा रहेगी। मुख्य चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस मौजूद रहेगी। सीएमओ से मंदिर के बाहर एंबुलेंस की मांग की है। मंदिर समिति के अनुसार महाशिवरात्रि पर रात में चार प्रहर की आरती होगी। शाम 7 बजे, रात्रि 11 बजे, रात्रि 1 बजे और सुबह 4 बजे घंटा, घड़ियाल और परंपरा अनुसार आरती का आयोजन किया जाएगा।
बाबा औघड़नाथ मंदिर में 1.5 लाख शिवभक्त करेंगे जलाभिषेक
महाशिवरात्रि पर बाबा औघड़नाथ मंदिर में इस बार करीब 1.5 लाख शिवभक्त जलाभिषेक करेंगे। इनमें पांच हजार कांवड़ लाने वाले शिवभक्त भी होंगे। पर्व पर भव्य आयोजन के लिए शनिवार को मंदिर में विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस सहित अन्य विभागों के अधिकारियों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें आयोजन की तैयारियों पर मंथन किया गया।
वहीं, शिवभक्तों की टोलियां शहर की सड़कों पर बोल बम के जयकारे लगाते हुए बढ़ रही हैं। बच्चा पार्क स्थित मंदिरों में कांवड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की गई हैं। कोविड के चलते दो वर्ष से यात्रा पर प्रतिबंध रहा। ऐसे में इस बार शहर से काफी संख्या में लोग कांवड़ लेने गए हैं। एक मार्च को महाशिवरात्रि है। एक दिन पूर्व ही शुभ संयोग में सोमवार भी आ रहा है। दोनों दिन शिवालयों में भीड़ रहेगी।
बाबा औघड़नाथ मंदिर की कार्यकारिणी समिति की बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने आयोजन के बारे में जानकारियां लीं। अपर जिलाधिकारी दिवाकर सिंह, एसपी सिटी विनीत भटनागर, एडीएम सिटी सहित अन्य अधिकारियों ने दिशा-निर्देश दिए।
समिति के महामंत्री सतीश सिंघल ने बताया कि मंगलवार सुबह चार बजे से बुधवार रात तक मंदिर खुला रहेगा। मंदिर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में है। 100 सहयोगी बंधु मंदिर में व्यवस्था बनाएंगे। पूरे मंदिर परिसर में फूलों से सजाया जाएगा। राधा गोविंद मंदिर में फूल बंगला सजाया जाएगा।