एकतरफा प्यार में युवती की हत्या करने वाला सिरफिरा दबोचा
मेरठ। मध्य प्रदेश में एक तरफा प्यार में युवती की हत्या करने के आरोपी को मेरठ पुलिस ने दबोच लिया है। हत्यारोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम था। मध्य प्रदेश की पुलिस मेरठ पहुंची और आरोपी को लेकर रवाना हो गई। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया है कि दो सितंबर, 2021 को मध्य प्रदेश के मोतीनगर में एकतरफा प्यार में रोहित ने पूनम नाम की युवती और उसके परिजनों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी थी। जिसमें पूनम की मौत हो गई थी। पूनम के भाई अभिषेक की ओर से इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया। सागर जिला पुलिस के एसपी अतुल सिंह की ओर से आरोपी रोहित निवासी सुभाष नगर शास्त्री वार्ड, थाना मोतीनगर के खिलाफ 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस से बचने के लिए आरोपी नाम बदलकर मेरठ में रह रहा था। इसके बाद आरोपी को पुलिस ने सोमवार शाम को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अधिकारियों को सूचना दी गई। साथ ही पुष्टि होने के बाद सागर एसपी को बताया। मध्यप्रदेश पुलिस की टीम सोमवार देर रात यहां मेरठ पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार किया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया है कि आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश में नामजद मुकदमा दर्ज है जिसके चलते उसको मध्य प्रदेश के सागर जिले की पुलिस को अभिरक्षा में दे दिया गया है।