एक लाख 85 हजार लोगों को आशियाना उपलब्ध कराने की दिशा में मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) ने अपने कदम बढ़ा दिए हैं। मेडा ने अपनी नई प्रदेश की पहली इंटीग्रेटेड टाउनशिप के लिए जमीन खरीद की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए चार गांवों की जमीन चिह्नित कर ली गई है। जमीन अधिग्रहण के लिए खर्च होने वाली राशि का आकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजी गई है। किसानों से आपसी सहमति के आधार पर फरवरी से जमीन खरीद शुरू होगी।
छज्जूपुर, इकला, कायस्थ गांवड़ी व मोहिउद्दीनपुर के चार गांव की 294.6813 हेक्टेयर भूमि में नई इंटीग्रेटेड टाउनशिप का निर्माण होना है। पहले फेज में छज्जूपुर में 30.09 हेक्टेयर और मोहिउद्दीनपुर में 111.79 हेक्टेयर जमीन लेने का काम होगा। दोनों गांव की कुल 141 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण पर 1007.34 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके दायरे में 750 किसानों की जमीन आएगी।