लहंगे भी खरीद रहीं महिलाएं
करवाचौथ पर हैवी लुक पार्टी वेयर सूट और लहंगे की भी खरीदारी की है। बाजार में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पंच महोत्सव की भी खरीदारी कर ली है। भाईदूज, दीपावली, अहोई और करवाचौथ महिलाओं के प्रमुख पर्व हैं। - अमित बंसल, आबूलेन व्यापारी
पूजन के लिए आई डिजाइदार थाली
करवाचौथ पर थाली और करवा का महत्वपूर्ण स्थान है। सास अपनी बहू को थाली में सरगी देती है तो वहीं बहू पूजा के बाद सास के लिए बायना निकालती है। इस बार बाजार में कलरफुल थाली उपलब्ध हैं। यह थाली स्टील की थाली से अलग है। देखने में बहुत ही खूबसूरत नजर आती है। इसकी कीमत 300 रुपये से 800 रुपये तक हैं। मिट्टी के करवे को आकर्षक स्वरूप देने का प्रयास किया गया है। इसमें गोटे और मोती से सजावट की गई है।
बाजार में बिकी बिछिया और पायल
करवाचौथ पर बिछिया बदलने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। ऐसे मेें चांदी की बिछिया हर कोई खरीदता है। ज्यादातर सास अपनी बहू को बिछिया देती हैं। 250 से 500 रुपये तक चांदी की अच्छी बिछिया बाजार में उपलब्ध हैं। शुक्रवार को भी बाजार में बिछिया की खरीदारी की गई।
ब्यूटी पार्लर दे रहे संपूर्ण पैकेज
पार्लर में महिलाओं को 3400 से 5 हजार में ब्राइडल पैकेज दिए जा रहे हैं। घर पर भी सर्विस उपलब्ध है। इसमें हेया स्पा, पेडीक्योर, थ्रेडिंग, बैक्सिंग, बैक मसाज, ब्लीच, फैशियल, वैक्सिंग के साथ मेहंदी दी जा रही है। ब्यूटी पार्लर संचालक विजय कुमार ने बताया कि चार दिन से बुकिंग फुल चल रही है।
कास्मेटिक्स के बाजार की चांदी
बाजार में बिंदी, मेहंदी, सिंदूर, काजल, नेल पेंट, फेस क्रीम आदि की खूब खरीदारी हुई। सदर कास्मेटिक्स व्यापारी आकाश ने बताया कि पूर्व के वर्षों के मुुकाबले इस वर्ष महिलाओं में त्योहार को लेकर खासा उत्साह है। महिलाओं ने कास्मेटिक्स हर तरह की चीजों की खरीदारी की है।
महंगा हो गया गजरा
करवाचौथ पर महिलाएं मोंगरे, गुलाब और चमेली का गजरा लगाती हैं। 30 रुपये की माला का रेट 50 रुपये तक पहुंच गया है। गुलाब की कली 30 रुपये में मिल रही है।
मीना बाजार में खनक रही स्टाइलिश चूड़ियां
करवाचौथ और पंच महोत्सव के नजदीक आते ही मीना बाजार में भी अलग ही चमक दिख रही है। शुक्रवार देर रात तक चूड़ियों की खरीदारी हुई। घंटाघर चूड़ी व्यापारी फैज ने बताया प्लेन चूड़ी के साथ कूंदन, रेशम की चूड़ियां खासी पसंद की जा रही हैं।
मेहंदी की दुकानों पर लगी भीड़
शुक्रवार देर रात तक बड़ी संख्या में महिलाओं ने हाथों पर मेहंदी लगवाई। रविवार को करवाचौथ का पर्व मनाया जाएगा। पर्व से एक दिन पहले मेहंदी वालों के पास तीन से चार घंटे की वेटिंग रहती है। ऐसे में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सदर और आबूलेन के पार्लर में पहुंचकर मेहंदी लगवाई।