बिजनौर के नगीना का रहने वाला 22 साल का युवक पिछले करीब सात वर्षो से मुंबई में सैलून चलाता था। इस दौरान युवक पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर इरफान पठान का मैकअप आर्टिस्ट बन गया। इरफान पठान स्टार स्पोर्ट्स की कमेंट्री टीम के साथ वेस्टइंडीज में हैं। युवक भी पठान के साथ ही था।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर इरफान पठान के मैकअप आर्टिस्ट और नगीना के रहने वाले 22 वर्षीय फय्याज अंसारी की वेस्टइंडीज के एक होटल के स्विमिंग पूल में नहाते समय मौत हो गई है। युवक की मौत का समाचार नगीना पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
नगर के मोहल्ला काजी सराय प्रथम निवासी पालिका सभासद मोहम्मद अहमद ने बताया कि उसका तहेरा भाई फय्याज अंसारी पिछले करीब सात वर्षों से मुंबई में सैलून चलाता था। इस दौरान फय्याज पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर इरफान पठान का मैकअप आर्टिस्ट बन गया था। वह पठान के साथ विदेशी दौरों पर भी जाने लगा।
बताया कि इस समय आईसीसी मेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2024 खेला जा रहा है। टूर्नामेंट के सुपर 8 के मुकाबले वेस्टइंडीज में खेले जा रहे हैं। इरफान पठान स्टार स्पोर्ट्स की कमेंट्री टीम के साथ वेस्टइंडीज में हैं। फय्याज भी पठान के साथ ही था।
विज्ञापन
बताया गया कि 21 जून की शाम को सूचना आई की फय्याज की वेस्टइंडीज के एक होटल के स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई है। इरफान पठान खुद ही वेस्टइंडीज में सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद फय्याज अंसारी के शव को लेकर दिल्ली आएंगे।