मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े केंद्र मेरठ में शनिवार को 43 केंद्रों पर दो पालियों में होमगार्ड भर्ती परीक्षा संपन्न हुई। पहले दिन पहली पाली में 5115 और दूसरी पाली में 4730 कुल 9845 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी। डर्टी बम किससे संबंधित है और उत्तर प्रदेश की अधिकारिक भाषा कौनसी है आदि सवाल पूछे गए। कुछ अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रश्नपत्र कठिन था। ऐसे सवाल दरोगा भर्ती मेें पूछे जाने चाहिए। कुछ ने प्रश्नपत्र आसान बताया।
जिला होमगार्ड कमांडेंट सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि पहले दिन 43 केंद्रों पर परीक्षा हुई। 25 से 27 अप्रैल तक चलने वाली इस परीक्षा में कुल 1 लाख 20 हजार 384 अभ्यर्थी शामिल होने थे। हर पाली में 20 हजार 64 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। शनिवार को पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली शाम 3 बजे से 5 बजे तक संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को एक घंटे पहले प्रवेश दिया गया और सघन चेकिंग की गई। पगड़ी, घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और गणक यंत्र जैसी वस्तुएं पूरी तरह प्रतिबंधित थीं। सभी केंद्रों पर निगरानी कैमरों और पुलिस लाइन के नियंत्रण कक्ष से गतिविधियों पर नजर रखी गई। पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती से यातायात व्यवस्था सुचारु रही और कहीं जाम नहीं लगा।
प्रश्नपत्र का स्तर और अभ्यर्थियों की राय
परीक्षा में डर्टी बम और उत्तर प्रदेश की आधिकारिक भाषा से संबंधित सवाल पूछे गए। कुछ अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को कठिन बताया। उनका कहना था कि ऐसे प्रश्न दरोगा भर्ती में आने चाहिए। अरुण और जसपाल ने प्रश्नपत्र को कठिन बताया। वहीं, विकास और तिलक सिंह जैसे कुछ अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र आसान लगा। उन्होंने अच्छे अंक प्राप्त करने की उम्मीद जताई। शैक्षणिक योग्यता दसवीं होने के बावजूद प्रश्नपत्र का स्तर उच्च था।