मेरठ में पुलिस अधिकारियों ने निकाला फ्लैग मार्च
जुमे की नमाज के मद्देनजर फिर से अलर्ट किया गया है। एडीजी राजीव सभरवाल ने मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत, गाजियाबाद, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली जिलों के पुलिस अधिकारियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए हैं। मेरठ में आरएएफ के साथ एसएसपी ने गुरुवार शाम को फ्लैग मार्च भी किया।
भाजपा प्रवक्ता रही नुपुर शर्मा की ओर से की गई विवादित टिप्पणी को लेकर पिछले दिनों जुमे की नमाज के दौरान कानपुर, सहारनपुर, प्रयागराज, मुरादाबाद सहित कई जिलों में बवाल हुआ था। इसी के चलते इस बार भी जुमे पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। गुरुवार को हापुड़ रोड, हापुड़ अड्डा, भूमिया पुल, कोतवाली, देहली गेट, इमलियान, बुढ़ाना गेट, घंटाघर, एल-ब्लाक शास्त्रीनगर सहित संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया।
यह भी पढ़ें: Meerut News: माफिया हाजी गल्ला और इकबाल पर गुंडा एक्ट लगाने की तैयारी, करोड़ों की संपत्ति हो चुकी कुर्क
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कहा कि जो भी माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी पूरी निगरानी रखी जा रही है। यदि कोई विवादित पोस्ट या टिप्पणी से शांति व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करेगा तो उस पर भी कार्रवाई होगी। सभी मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। आरएएफ के साथ-साथ पीएसी भी लगाई गई है। वहीं संबंधित थाने की पुलिस और सर्किल के सीओ भी मौजूद हैं।