मेरठ में असामाजिक तत्वों ने बेटियों का जीना मुहाल किया हुआ है। इन्हें न पुलिस का खौफ है न कानून का। मनचलों के डर से बेटियां दहशत में जी रही हैं। परतापुर थानाक्षेत्र में एक छात्रा ने मनचले के डर से स्कूल जाना छोड़ दिया है।
मेरठ के परतापुर थानाक्षेत्र के शताब्दी नगर में 10वीं कक्षा की छात्रा ने मनचलों से परेशान होकर स्कूल जाना छोड़ दिया। परिजनों ने थाने में शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया।
विज्ञापन
शताब्दी नगर की 10वीं की छात्रा पास के एक स्कूल में पढ़ती है। स्कूल जाते समय कई दिनों से दो बाइक सवार उसे परेशान करते थे। कुछ दिन पहले एक आरोपी ने रास्ता रोककर उसका हाथ पकड़ लिया। छात्रा ने इसका विरोध किया तो मनचला साथी के साथ छात्रा के घर पहुंच गया।
घर में अकेली छात्रा के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घबराई छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया। तीन-चार दिन छात्रा स्कूल नहीं गई तो परिजनों ने उससे कारण पूछा।
छात्रा ने सारी बात बताई तो परिजन थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह ने बताया कि मामला आपसी विवाद का है। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।