इसी बीच बुधवार को सिरजेपुर गांव के पास गंगा का तटबंध टूट गया। आधे गांव में पानी भर गया। सिरजोपुर के साथ-साथ हादीपुर गांवड़ी, किशनपुर, लतीफपुर, भीमकुंड, दूधली खादर, राठौरा कला आदि गांव के चारों ओर पानी पहुंच चुका है। गांवों के चारों ओर पूरा जंगल जलमग्न हो गया। गांव के आसपास खड़े भूसे के स्टॉक में भी पानी भर गया।
वहीं, मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था करने के लिए किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव में जाने के संपर्क मार्ग पर भी तीन से चार फीट पानी है। ग्रामीणों की सूचना पर गांव पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना शुरू किया। शाम तक गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे घटता रहा लेकिन, पटवन से पानी रुकने का सिलसिला बंद नहीं हुआ। मौके पर पहुंचे अधिकारी, राजस्व और सिंचाई विभाग के अफसर नजर बनाए हुए हैं।
हस्तिनापुर के सिरजेपुर गांव के समीप तटबंध टूटने की सूचना पर एडीएम प्रशासन सूर्यकांत त्रिपाठी, एसडीएम अखिलेश यादव, नायब तहसीलदार सचिन चौधरी, लेखपाल नीरज एवं जितेंद्र वर्मा सहित सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे।