शास्त्री नगर में हाईटेंशन तार टूटा, शोरूम में लगी आग
मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र के डी-ब्लॉक शास्त्रीनगर में शुक्रवार तड़के हाईटेंशन तार टूटने के बाद पास ही स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में आग लग गई। आग से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। दमकल की दो गाड़ियाें ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
डी-ब्लाक शास्त्रीनगर निवासी सुरेंद्र कुमार सेखरी ने घर के बराबर में ही सेखरी एंड संस के नाम से इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम बनाया हुआ है। इस पर उनका पोत्र शिवम बैठता है। यहां होम थिएटर, किचन एप्लायंसेज, सिक्योरिटी सिस्टम, लाइटिंग, स्मार्ट होम और ऑडियो सिस्टम का बड़ा काम है। शुक्रवार तड़के करीब साढ़े चार बजे शोरूम के सामने से गुजर रही हाईटेंशन लाइन टूटकर नीचे अन्य तारों पर जा गिरी। इससे बड़ा फाल्ट हुआ और उनके शोरूम के प्रथम तल पर आग लग गई। आग ने शोरूम के ऊपरी हिस्से को चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं देखने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
कंट्रोल रूम पर दी गई सूचना के बाद दमकल के एफएसएसओ मोहम्मद अफजल दो गाड़ी लेकर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। पड़ौस में बने पतंजलि शोरूम में भी हाईवोल्टेज से काफी नुकसान हुआ है। शोरूम मालिक सुरेंद्र कुमार सेखरी ने बताया कि ऊपर के जिस हिस्से में आग लगी, वहां होमथिएटर के तीन सेट लगे थे। बड़े-बड़े घरों में बड़ी स्क्रीन, साउंड सिस्टम के साथ यह लगते हैं, इनमें बड़ा खर्चा आता है। तीनों सेट जलकर खाक हो गए। इनके अलावा फर्नीचर, डेकोरेशन, लाइटिंग का भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने करीब 80 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।
--
विधायक ने पहुंचकर ली जानकारी
- क्षेत्रीय विधायक डॉ. सामेंद्र तोमर भी पूर्व पार्षद नरेंद्र राष्ट्रवादी, अनिल शर्मा, नीरज शर्मा, रजनीश पंवार के साथ वहां पहुंच गए और नुकसान को लेकर पीड़ित परिवार से जानकारी ली। उन्होंने अधिशासी अभियंता सचिन कुमार से बात की और नुकसान का सर्वे कराकर पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
--
तड़के आग की सूचना पर दो गाड़ियां पहुंचीं। आग को बुझा लिया गया। इसमें काफी नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। - शांतनु कुमार यादव, एफएसओ