बंदरों से बचने के लिए किसान नहर की पटरी पर भागते समय पैर फिसलने से नहर में गिर गया। पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के किसानों ने एक घंटा तलाश करने के बाद किसान का शव बरामद कर लिया है।
मेरठ से सटे हस्तिनापुर में बंदरों से डरकर एक किसान की नहर में डूबकर मौत हो गई। किसान अपने परिवार के साथ पशुओं का चारा लेकर लौट रहा था। मौके पर पहुंचे लोगों ने किसान को बचाने के लिए नहर में छलांग लगाई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। तकरीबन एक घंटे की मशक्कत के बाद किसान का शव मिल सका। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक की पत्नी और बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार हस्तिनापुर क्षेत्र में बंदरों के हमले से बचने की कोशिश में गंग नहर में गिरकर किसान की डूबकर मौत हो गई। लोधीपुर गंग नहर पटरी पर किसान सतीश (50), अपनी पत्नी सावित्री व पुत्र अंकित के साथ खेत पर चारा लेने जा रहा था।
इसी दौरान बंदरों के झुंड ने किसान पर हमला बोला दिया। बंदरों से बचने के लिए नहर की पटरी पर भागते समय पैर फिसलने से सतीश नहर में गिर गया।
पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के किसानों ने एक घंटा तलाश करने के बाद शहर झाल के समीप किसान का शव बरामद कर लिया है। पुलिस ने पंचनामा भर शव को परिजनों को सौंप दिया है।