मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र में सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां नशे में पति ने पहले दोस्त से पत्नी के साथ दुष्कर्म कराया और उसके बाद तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने किसी तरह मायके में घटना की सूचना दी। परिजन पीड़िता को साथ लेकर थाने पहुंचे। पीड़िता ने आरोपी पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए रिपोर्ट लिखाई है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 15 वर्ष पूर्व हर्रा निवासी युवक से हुई थी। तभी से वह दहेज की मांग करता आ रहा है। मंगलवार को आरोपी पति नशे की हालत में अपने एक साथी को लेकर घर पहुंचा।
पति ने साथी के साथ मिलकर उसे कमरे में बंद कर दिया और जबरन अपने साथी से उसके साथ दुष्कर्म कराया। आरोप है कि विरोध करने पर मारपीट भी की। इसके बाद पति ने पीड़िता को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया।
पीड़िता ने मायके में परिजनों को सूचना दी। सूचना पर परिजन उसके पास पहुंचे। पीड़िता ने आरोपी पति के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ सरधना आरपी शाही का कहना है कि पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।