जिला जज ने पाकशाला, अस्पताल और बैरक का देखा हाल
मेरठ। जिला जज दिनेश कुमार शर्मा, जिलाधिकारी के. बालाजी और एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। यहां अस्पताल की व्यवस्था को परखा और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। करीब दो घंटे तक निरीक्षण किया गया।
जिला जज दिनेश कुमार शर्मा मंगलवार सुबह अधिकारियों के साथ चौ. चरण सिंह जिला कारागार पहुंचे। पाकशाला में बन रहे खाने और उसे तैयार करने में प्रयुक्त हो रही सामग्री की गुणवत्ता को परखा। साफ-सफाई को लेकर उन्होंने निर्देश भी दिए। अधिकारी जेल के अस्पताल पहुंचे। यहां करीब 20 बंदी उपचाराधीन मिले। चिकित्सकों की टीम ने बंदी का विवरण उपलब्ध कराया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर किसी बंदी को बड़ी जांच की जरूरत पड़ती है तो वह उन्हें हर दशा में उपलब्ध कराई जाएगी। बैरक का निरीक्षण भी किया गया।
महिला बंदियों की ओर से गाय के गोबर व मुल्तानी मिट्टी से तैयार की जा रही मूर्तियों की सराहना की। अफसरों ने जेल परिसर में रुद्राक्ष के पौधे भी रोपे। सीजेएम धीरेंद्र कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अंजू कांबोज, वरिष्ठ जेल अधीक्षक राकेश कुमार, जेलर राजेंद्र सिंह, मनीष कुमार मौजूद रहे।
बैठक कर विभिन्न बिंदुओं पर किया मंथन
निरीक्षण के बाद बैठक का आयोजन किया गया। जिला जज दिनेश कुमार शर्मा ने न्यायिक प्रक्रिया के साथ-साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से किए जा रहे कार्यों पर भी चर्चा की। वरिष्ठ जेल अधीक्षक राकेश कुमार ने सजायाफ्ता व विचाराधीन बंदियों का विवरण उपलब्ध कराया। शासन से मिल रही सुविधाओं का भी विवरण प्रस्तुत किया।