धार्मिक स्थल में बैठने को लेकर बच्चों में विवाद
सरधना। मोहल्ला कुम्हारान स्थित धार्मिक स्थल में शुक्रवार दोपहर बैठने को लेकर बच्चों के बीच कहासुनी हो गई। एक बच्चे ने फोन कर अपने कुछ साथियों को झगड़ा होने की सूचना देकर बुलवा लिया। डंडे, चाकू व तमंचे लेकर कुछ युवक वहां पहुंचे और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। जिससे हंगामा हो गया। कुछ लोगों ने उनके बीच मामला शांत कराया।
मोहल्ला कुम्हारान निवासी सुहेल पुत्र इरशाद शुक्रवार दोपहर धार्मिक स्थल में गया था। मोहल्ले के अन्य लोग भी धार्मिक स्थल में मौजूद थे। सुहेल का आरोप है कि उनके ही मोहल्ले के एक किशोर ने वहां पर बैठने को लेकर गाली गलौज कर दी। इतना ही नहीं, उसके साथ मारपीट पर उतारू हो गया। तब तो धार्मिक स्थल के अंदर मामला कुछ लोगों ने शांत करा दिया। लेकिन धार्मिक स्थल से बाहर निकलते ही उसके साथ फिर से गाली गलौज कर दी। उसने विरोध किया तो किशोर ने जान से मारने की धमकी दी और फोन करके चार-पांच अज्ञात युवकों को मौके पर बुलवा लिया। युवक हाथ में डंडे, चाकू व तमंचा लिए हुए थे।
सुहेल का आरोप है कि उक्त युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हंगामा बढ़ने पर मोहल्ले के जाकिर, डॉ. ताहिर, इसरार, इरशाद आदि मौके पर पहुंचे और उन्होंने मामला शांत कराया। वहीं आरोपी बच्चे के परिजनों से बच्चे पर अंकुश लगाने को कहा। परिजनों ने बच्चे को डांटा, तब जाकर मामला शांत हुआ।