दो माह पूर्व सरूरपुर थाने के पास कंप्यूटर सेंटर में हुई लाखों रुपयों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लैपटॉप, कंप्यूटर समेत लाखों रुपये का सामान बरामद करने का दावा किया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मेरठ में सरूरपुर थाने के पास स्थित हाईटेक कंप्यूटर सेंटर में दो जुलाई की रात बदमाशों ने कुंबल कर पांच लैपटॉप, कंप्यूटर, इनवर्टर और बैटरी आदि समेत तीन लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया था। इसमें पीड़ित सेंटर संचालक सहदेव की तरफ से अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
वहीं मंगलवार को सीओ सरधना आरपी शाही ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कस्बा खिवाई निवासी साजिद, विकास, रविंद्र उर्फ भूरा, कस्बा खिवाई और दौराला थाने के जैनपुर निवासी गोविंद को गिरफ्तार किया गया। वहीं कंप्यूटर सेंटर से चोरी किए गए पांच लैपटॉप, कंप्यूटर, लेमिनेशन मशीन, इनवर्टर, बैटरी व स्टेबलाइजर आदि सहित सभी सामान पुलिस ने बरामद कर लिया है।
थानाध्यक्ष दिनेश प्रताप ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने चोरी की वारदात करने से पहले रेकी की थी। इसके बाद योजना के मुताबिक वारदात को अंजाम देकर सामान चुराया गया था। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की बात स्वीकार की है।