कई जांच के बाद ही चालू होगा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे
मेरठ। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय मेें शिकायत की गई है। यमुना एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की तुलना में एक्सप्रेसवे पर गाड़ी चलाकर देखने पर पाया गया है कि यहां रफ्तार में चलने पर गाड़ी हिल रही है। इस मामले की शिकायत सिविल लाइन निवासी संजीव प्रताप सिंह ने की है। प्रधानमंत्री कार्यालय से शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मामले को एनएचएआई को भेज दिया गया था।
एनएचएआइ ने शिकायतकर्ता को जवाब भेजते हुए लिखा है कि अभी एक्सप्रेसवे पर गाड़ी नहीं चला सकते हैं। वहीं, अभी एक्सप्रेसवे पर कार्य किया जाना है और कई जांचों के बाद ही इसे लोगों के लिए खोला जाएगा। इस पर दोबारा से शिकायतकर्ता ने अपना अनुभव शेयर करते हुए लिखा है कि ऐसे तो एक्सप्रेसवे बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद क्या इसमें बदलाव हो सकते हैं।
एनएचएआई के अधिकारी पहले ही कह चुके हैं कि कई जांचों के बाद ही इसे आम लोगों के लिए खोला जाएगा। अभी अगर आप इस पर गाड़ी ड्राइव करेंगे तो कुछ दिक्कतें आ सकती है। वहीं, एक्सप्रेसवे पर जैनुद्दीनपुर के पास काफी तीव्र मोड़ है। यहां कुछ स्थानों पर पैच को एक साथ कवर न करने की वजह से गाड़ी हिल रही है।
एक-दो स्थान पर दिक्कतें
एक-दो स्थान पर मोड़ होने की वजह से दिक्क्तें हैं। इसे आम लोगों के लिए खोलने से पहले कई चरणों में उपकरणों से जांच की जाएंगी।
- अरविंद कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर, एनएचएआई