निगम डिपो में डीजल चोरी की मंडलायुक्त से शिकायत
मेरठ। नगर निगम में कूड़ा गाड़ियों के नाम पर आए दिन डीजल चोरी का मामला सामने आने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को दिल्ली रोड वाहन डिपो में डीजल चोरी का मामला मंडलायुक्त के पास पहुंच गया। डिपो में कार्यरत जेसीबी चालक प्रवीण ने मंडलायुक्त को पत्र देकर लॉगबुक पर उनके फर्जी हस्ताक्षर से डीजल के नाम पर खेल करने का आरोप लगाया। पत्र में कहा गया कि डिपो प्रभारी एवं लिपिक सभी गाड़ियों की लॉगबुक कार्यालय में रखते हैं। चालकों को लॉगबुक नहीं दी जाती है। इसे वे स्वयं भरते हैं चालकों से इस पर हस्ताक्षर कराते हैं। एक दिन देखा तो लॉगबुक पर उस समय का डीजल लिए जाने का उल्लेख कर उनके फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे, जबकि वह गाड़ी लेकर नहीं गया। इसका विरोध करने पर मशीन छीनने और बाहर का रास्ता दिखाने की धमकी दी गई। डिपो प्रभारी एवं लिपिक हर महीने लाखों रुपये की हेराफेरी डीजल में कर रहे हैं। प्रवीण ने मामले की जांच कराने की मांग की है। डिपो प्रभारी गजेंद्र सिंह का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। प्रवीण ने इस संबंध में कोई शिकायत की है। वह इस मामले को दिखवाएंगे। ब्यूरो