तीन माह पहले हो चुकी मौत, भेज दिया वैक्सीनेशन का मेसेज
सरधना। कोरोना वैक्सीनेशन अभियान में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही सामने आई है। जिस युवती की तीन माह पहले मौत हो चुकी, परिजनों को उसके वैक्सीनेशन का मेसेज भेज दिया गया। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी है।
मोहल्ला सराय अफगनान निवासी फरहा (26) पुत्री अख्तर की बीमारी के चलते 17 अप्रैल, 2021 को मौत हो गई। पालिका से फरहा का मृत्यु प्रमाणपत्र भी जारी हो गया हैं। फरहा का भाई वसीम ने सीएचसी पर कोरोना से बचाव के टीके के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। उसके रजिस्ट्रेशन के बाद उसके मोबाइल पर फरहा के कोरोना वैक्सीनशन की जानकारी का मेसेज भी पहुंचा। परिजनों ने इस प्रकरण की जानकारी सीएचसी पर दी। सीएचसी प्रभारी डॉ. अमित त्यागी का कहना है कि प्रकरण की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो जांच कराई जाएगी। संवाद