छेड़छाड़ को लेकर पश्चिम उत्तर प्रदेश में कभी भी कोई बड़ी घटना हो सकती है। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मामूली कहासुनी होते ही मामले को छेड़छाड़ का रूप देकर बवाल कराने की बड़ी साजिश चल रही है। खुफिया विभाग की इस रिपोर्ट ने पुलिस अधिकारियों की नींद उड़ा दी है।
बाजार और गर्ल्स स्कूल व कॉलेजों के सामने मनचले छात्राओं पर फब्तियां कसते हैं। वहीं, लोग मनचलों को पकड़कर उनकी पिटाई कर देते हैं। ऐसे में पुलिस का घटनास्थल पर देरी से पहुंचना बड़ी घटना का सबब बन सकता है। ऐसी खुफिया रिपोर्ट मिलने के बाद डीजीपी के निर्देश पर वेस्ट यूपी के जिलों में मनचलों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा। मेरठ पुलिस ने छेड़छाड़ के प्रमुख प्वाइंट्स को चिह्नित किया है। एसएसपी जे. रविंदर गौड़ ने सोमवार को महिला पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं कि रोजाना आरजी गर्ल्स स्कूल, इस्माईल डिग्री कॉलेज और कनोहरलाल गर्ल्स स्कूल के सामने चेकिंग की जाए। इसके लिए महिला पुलिस की तीन अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं।
कॉलेज के गेट पर होगी पुलिस
सुबह गर्ल्स कॉलेज खुलने और दोपहर में छुट्टी के दौरान महिला पुलिस तैनात रहेगी। पुलिस का मानना है कि इस दौरान ही अक्सर छात्राओं से छेड़छाड़ की घटनाएं होती हैं। कई बार छेड़खानी की वारदात को लेकर छात्रों के गुटों में खूनखराबा भी हो चुका है। महिला पुलिस सादी वर्दी में छात्राओं से पूछेगी कि रास्ते में उनके साथ कोई छेड़खानी तो नहीं होती।
सादी वर्दी में घूमेगी महिला पुलिस
एसएसपी जे. रविंदर गौड़ ने बताया कि शाम को अक्सर प्रमुख बाजारों में महिलाओं से छेड़छाड़, पर्स स्नैचिंग की वारदातें होती हैं। बाजारों में सादी वर्दी में महिला कांस्टेबल घूमेंगी और उनके साथ सादी वर्दी में पुलिसकर्मी भी होंगे। छेड़छाड़ या स्नैचिंग की वारदात होते ही आरोपियों को तुरंत पकड़ा जाएगा।
खुफिया विभाग रिपोर्ट से अलर्ट पुलिस
खुफिया विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, वेस्ट यूपी के जिले मेरठ, बागपत, शामली मुजफ्फरनगर, बिजनौर और अन्य जिलों में छेड़छाड़ को लेकर बवाल हो सकता है। इसे देखते हुए डीजीपी ने पुलिस को छेड़छाड़ की वारदात को गंभीरता से लेने और सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचने की हिदायत दी है।