बहसूमा में झुनझुनी नहर के पास सोमवार रात वैगनआर कार सवार बदमाशों ने माधवपुरम के डेंटिस्ट परिवार का कार समेत अपहरण कर लिया। बदमाशों ने रात में डेंटिस्ट को मेरठ-पौड़ी मार्ग पर बंधक बनाकर फेंक दिया,
जबकि उसकी पत्नी और दोनों बच्चों को देर रात बदमाश गढ़ रोड पर मेडिकल कॉलेज के पास फेंककर कार समेत गढ़ की तरफ भाग निकले। अपहरण और कार लूट की घटना के बाद पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया।
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम निवासी डेंटिस्ट कमलेश दांत बनाकर डॉक्टरों को सप्लाई भी करते हैं। सोमवार रात वह पत्नी लक्ष्मी और दो बच्चों कोमल व संजना के साथ शेवरले बीट कार नंबर- यूपी 15 एम-2502 से माधवपुरम लौट रहे थे।
जैसे ही उनकी कार बहसूमा थाना क्षेत्र में झुनझुनी नहर के पास पहुंची तो पीछे से आयी सफेद वैगनआर कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए कमलेश की कार को रोक लिया। जब तक कमलेश कुछ समझते, बदमाशों ने उनकी कनपटी पर पिस्टल तान दी। इस बीच कमलेश उनकी पत्नी और दोनों बच्चों का कार समेत अपहरण कर लिया।
कुछ दूरी पर चलने के बाद बदमाश कमलेश को सड़क किनारे जंगल में फेंककर फरार हो गए। बाद में बदमाश शहर को पार करते हुए मेडिकल कॉलेज के पास पहुंचे और लक्ष्मी और दोनों बच्चों को भी कार से फेंक दिया। रात में महिला ने शोर मचाते हुए घटना की जानकारी दी तो मेडिकल पुलिस मौके पर पहुंची।
अपहरण की सूचना पर डीआईजी लक्ष्मी सिंह, एससपी, एसपी सिटी, सीओ सिविल लाइन मेडिकल थाने पहुंचे और पीड़ित दंपति से घटना की जानकारी ली। बदमाशों की तलाश में डीआईजी और एसएसपी ने दो टीमें लगा दीं। रात में पुलिस ने मौके से महिला का मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद कर लिया।
कप्तान साहब, सात थानों को पार कर गए बदमाश
वैगनआर कार सवार बदमाशों ने सोमवार रात पुलिस अफसरों को चुनौती देते हुए कानून व्यवस्था को कुचल दिया। रात में बदमाश देहात से शहर तक 7 थानों की सीमा को पार कर गए और पुलिस अफसरों को अपहरण और कार लूट की भनक तक भी नहीं लगी। अंदेशा है कि बदमाश रात में किसी भी घटना क ो अंजाम देने के लिए कार लेकर भागे हैं।
बहसूमा थाने से लेकर बदमाश मवाना, इंचौली, गंगानगर, सिविल लाइन, लालकुर्ती थानों की सीमा पार करते हुए मेडिकल कॉलेज के गेट को भी पार कर गए। महिला रात में अपनी दोनों बेटियों की सलामती के लिए बदमाशों के आगे गिड़गिड़ाती रही, लेकिन बदमाशों का दिल नहीं पसीजा। जिसके बाद बदमाश महिला और दोनों बच्चों को फेंककर फरार हो गए।
पति से लिपटकर रो पड़ी लक्ष्मी
रात में जब डीआईजी और एसएसपी मेडिकल थाने पहुंचे तो पुलिस महिला के पति को भी थाने ले आयी। थाने में महिला अपने पति और दोनों बच्चों को लेकर पुलिस अफसरों के सामने ही पति से लिपटकर बिलख पड़ी। पीड़िता ने पुलिस क ो बताया कि वैगनकार कार में बदमाश पांच या छह थे। कार में डालते ही बदमाशों ने उसका फोन और अन्य सामान लूट लिया था। कहा कि यदि आवाज निकाली तो वह दोनों बच्चों को गोली से उड़ा देंगे।
शहर की तरफ क्यों भागे बदमाश
डीआईजी और एसएसपी आश्चर्य में थे कि बदमाश बहसूमा से अपहरण और लूट की वारदात के बाद शहर की तरफ क्यों भागे। पुलिस अफसरों का मानना है कि हो सकता है बदमाश गढ़ या आसपास के क्षेत्र के हों। पुलिस अफसर जानने में जुटे थे कि बदमाशों को कार लूटनी थी या या पूरे परिवार का अपहरण करना था।