परतापुर गांव में शुक्रवार रात करीब 20 हथियारबंद बदमाशों ने पांच घरों में लाखों रुपये की डकैती डाली। विरोध करने पर परिवार के लोगों को बंधक बनाकर पीटा। पांच घरों में एकसाथ डकैती होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी ने थाने पहुंचकर तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया, जबकि एसओ को निलंबित करने की चेतावनी दी।
रात करीब 1.15 बजे बदमाश गांव में आस मौहम्मद के घर में घुस गये। तमंचे के बल पर परिवार को बंधक बनाकर 12 हजार रुपये, सोने के जेवर और आधा किलो चांदी लूट ली। आस मौहम्मद और उसके बेटे सईद से मोबाइल छीन लिया और सिम कार्ड तोड़ दिए। उसके बाद बदमाशों ने सईद की कनपटी पर तमंचा सटाकर पड़ोस में रहने वाले रिजवान का दरवाजा खुलवा लिया।
रिजवान के घर से 15 हजार रुपये, चार लाख के सोने और चांदी के जेवरात लूट लिये। रिजवान के भाई सलमू से आठ हजार रुपये, सोने और चांदी के जेवरात लूट लिये। इनके छोटे भाई दिलशाद से 23 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए।
इसके बाद बदमाशों ने सलमू और सईद को साथ लेकर आंचल खान का दरवाजा खुलवाया। यहां से 27 हजार रुपये, तीन लाख रुपये के सोने और चांदी के जेवरात कब्जे में ले लिये। उसके बाद खुर्शीद के मकान में घुसे और 26 हजार रुपये, एक किलो चांदी के जेवरात और चार महिलाओं के कुंडल, चेन और अंगूठी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने आंचल खान के साथ बेरहमी से मारपीट की। सबसे बाद में बदमाश रशीद के घर में घुसे और 58 हजार रुपये, शादी के लिए रखे सोने-चांदी के जेवर लूट लिए।
तीन घंटे तक डकैती डालने के बाद बदमाश पीड़ितों को बंधक बनाकर फरार हो गए। उन्होंने किसी तरह बंधन मुक्त होने पर सुबह चार बजे पुलिस को सूचना दी। करीब पौने पांच बजे पुलिस पहुंची। बाद में सीओ ब्रह्मपुरी रफीक अहमद, एसओ परतापुर राकेश यादव मौके पर पहुंचे और पूछताछ करके लौट गए। पीड़ितों ने थाने में डकैती की तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने तहरीर बदलवाकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज की।
शनिवार शाम एसएसपी दिनेशचंद दूबे परतापुर थाना पहुंचे और एसओ राकेश यादव को फटकार लगाते हुए खुलासा न करने पर सस्पेंड करने की चेतावनी दी। एसएसपी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एचसीपी धर्मवीर सिंह, सिपाही मौहम्मद आदिल और राकेश को निलंबित कर दिया। वहीं सीओ को डकैती में मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया। वहीं सभी पीड़ितों ने बताया कि नगदी-जेवरात समेत करीब 15 लाख का माल बदमाश ले गए।
पूरी प्लानिंग से की वारदात
कड़ाके की सर्दी और कोहरे का सितम शुरू होते ही रात में बदमाशों ने तांडव मचाना शुरू कर दिया है। परतापुर में पांच घरों में एकसाथ डकैती की घटना ने जिले के कप्तान के चेकिंग और गश्त के दावों की पोल भी खोल दी है। परतापुर में थाना होने के बावजूद ये हाल है, तो दूरदराज के गांवों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। पांच घरों में बदमाशों ने पूरी प्लानिंग से डकैती डाली। एक मकान में डकैती डालने के बाद बदमाश पीड़ित को ही साथ लेकर चल देते, जिससे पड़ोसी बिना शक दरवाजा खोल दे।
टाटा 407 में आए थे बदमाश
पीड़ितों ने बताया कि बदमाशों की संख्या 18 से 20 के बीच थी। वे टाटा 407 लेकर आए थे। अधिकांश बदमाशों के पास लोहे की रॉड थी, तो कई के पास तमंचे थे। आधा दर्जन बदमाश नई उम्र के थे। कई ने नकाब लगा रहा था। एक मकान में तो बदमाशों ने रसोई में रखे ड्राई फूट खाए और सेफ में से निकालकर नए कपड़े भी पहने।
शादी के लिए घर में रखे थे जेवरात
एक पीड़ित रिजवान के भाई दिलशाद की शादी होने वाली है। शादी के लिए रखे जेवरात भी बदमाश ले गए। वहीं रशीद का बेटा अलीम दुबई में रहता है। उसने अपनी बहन रिहाना की शादी के लिए 50 हजार रुपये भेजे थे। बदमाशों ने नगदी के साथ ही पहले से रखे जेवरात भी लूट लिए।