शहर में छेड़छाड़ के विरोध को लेकर एक और सनसनीखेज वारदात हो गई। टीपी नगर थाना अंतर्गत मलियाना क्षेत्र में पांच मनचलों ने रविवार को एक युवक के सामने उसकी बहन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। भाई ने इसका विरोध किया तो न केवल उसे पीटा गया, बल्कि उसके घर पर हमला बोलते हुए उसकी दो बहनों से छेड़छाड़ करते हुए अपहरण की कोशिश की गई। इस दौरान मनचलों से भिड़े युवतियों के मामा को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया गया। जहां सोमवार को उसने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि फरार तीन आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है।
पुलिस के अनुसार मलियाना निवासी एक युवक रविवार दोपहर मोहल्ले में ही एक सैलून पर कटिंग कराने पहुंचा था। इस दौरान सैलून पर आए मलियाना निवासी अजित, रविंद्र, सिकंदर, रवि समेत पांच युवकों ने युवक की बहन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करनी शुरू कर दी। युवक ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसको घेरकर बुरी तरह पिटाई कर दी थी।
युवक किसी तरह बचकर अपने घर पहुंचा ही था कि सभी पांचों आरोपी भी पीछे-पीछे वहां पहुंच गए। इस दौरान युवक का मामा प्रदीप भी अपनी बहन से मिलने आया हुआ था। आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ करते हुए परिवार के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। यही नहीं परिवार की दो युवतियों से छेड़छाड़ करते हुए एक युवती को जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश की। प्रदीप ने आरोपियों से मुकाबला किया तो आरोपियों ने उसे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। शोरशराबा होने पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हुई तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंची टीपी नगर पुलिस ने प्रदीप को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां सोमवार को प्रदीप की उपचार के दौरान मौत हो गई।
पूरे परिवार को खत्म करने आए थे
पीड़ित परिवार का आरोप है कि मनचले काफी दिनों से उनकी बेटी को परेशान करते थे। इसे लेकर कई बार मनचलों और पीड़ित परिवार में कहासुनी हो चुकी थी। पुलिस को भी सूचना दी गई। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। रविवार को आरोपी मनचलों ने सारी हदें पार कर दीं। पहले युवक को सड़क पर पीटा और फिर पूरे परिवार की हत्या करने के इरादे से घर पर हमला बोल दिया। आरोपी एक बेटी को जबरन उठाकर ले जाना चाहते थे, जिसका मुकाबला प्रदीप ने किया था। प्रदीप के सिर में ईट से हमला किया गया था, जिससे उसके सिर में घातक चोटें आई थीं।
पहले भी हो चुकीं छेड़छाड़ पर हत्या
छेड़छाड़ का विरोध करने पर टीपीनगर इलाके में पहले भी तीन लोगोें की जान जा चुकी है। दो साल पहले एक सैन्यकर्मी का मर्डर भी छेड़छाड़ का विरोध करने पर हुआ था। डेढ़ महीने पहले शिवपुरम में दुष्कर्म के प्रयास के विरोध में एक डाक्टर की हत्या हुई थी। एक साल पहले मलियाना में एक युवक की हत्या भी छेड़छाड़ के विरोध में हुई थी।
संगीन धाराओं में केस दर्ज
इंस्पेक्टर टीपी नगर सचिन मलिक ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पांचों आरोपियों के लिए खिलाफ बलवा, जानलेवा हमला, छेड़छाड़ की धारा में रविवार को ही केस दर्ज कर लिया गया था। घायल प्रदीप की मौत होने पर हत्या की धारा को बढ़ाया गया है। नामजद आरोपी रविंद्र और अजित को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।