दंपति से बैग छीना, एक बदमाश पकड़कर धुना
मेरठ। दिल्ली रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने स्कूटी में टक्कर मारकर दंपति से बैग लूट लिया। दंपति ने भी शोर मचाते हुए अपनी स्कूटी बदमाशों के पीछे दौड़ा दी। यह देख कुछ युवकों ने बदमाशों का पीछा कर एक को पकड़कर लिया, जबकि उसका साथी बैग लेकर भाग गया।
शिवशंकर पुरी शारदा रोड निवासी हीरालाल और उनकी पत्नी मिथलेश बृहस्पतिवार दोपहर बेटी की शादी के लिए दिल्ली रोड स्थित विवाह मंडप बुक कराकर घर लौट रहे थे। दिल्ली चुंगी मोड़ पर बाइक सवार दो बदमाशों ने स्कूटी में टक्कर मार दी और मिथलेश के हाथ से बैग छीन कर शारदा रोड की ओर फरार हो गए। दंपति ने भी शोर मचाते हुए अपनी स्कूटी से बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया।
शारदा रोड पर उन्हें पीछा करते देख कुछ युवक भी अपनी बाइकों से बदमाशों के पीछे दौड़ लिए। इस दौरान कबाड़ी बाजार में पीछे बैठा बदमाश बाइक से नीचे गिर गया, जिसे युवकों ने दबोच लिया। पकडे़ गए बदमाश की पब्लिक ने जमकर धुनाई की। सूचना पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाश को हिरासत में ले लिया। बाद में उसे टीपी नगर थाने की पुलिस को सौंप दिया गया। इंस्पेक्टर टीपी नगर ब्रजेश शर्मा के अनुसार पकड़ा गया बदमाश राजा निवासी खुशहाल नगर लिसाड़ी गेट है। जबकि फरार बदमाश रिहान निवासी कच्चा दगड़ा ब्रह्मपुरी है। आरोपियों ने सिविल लाइन क्षेत्र में कुछ दिन पहले मोबाइल लूटा था। दंपति ने टीपी नगर थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी है। दंपति ने बताया कि बैग में 10 हजार रुपये थे। घटना के बाद सीओ ब्रह्मपुरी अखिलेश भदौरिया ने भी पहुंचकर जानकारी ली।
पीछा करते वक्त भी मारी साइड
पीड़ित महिला के अनुसार जिस वक्त वे स्कूटी से बदमाशों का पीछा कर रहे थे। उस दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी में साइड मारी। जिससे उनकी स्कूटी गिर गई। उन्हें शक है कि ये लोग बदमाशों के साथी हो सकते हैं।
पास में पड़ती हैं तीन चौकि यां
वारदात स्थल से चंद कदम दूर ही टीपी नगर थाने की ईरा मॉल और ब्रह्मपुरी थाने की दिल्ली चुंगी चौकी पड़ती है। वारदात के बाद लुटेरे शारदा रोड चौकी के सामने से भी होकर भागे, लेकिन कहीं भी पुलिस नजर नहीं आई।