दुकान में लगी आग से लाखों का कीटनाशक व बीज जला
- खजूरी गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
परीक्षितगढ़। खजूरी गांव स्थित खाद, बीज की दुकान में शुक्रवार रात आग लगने से हजारों की नकदी सहित लाखों रुपये कीमत के बीच, कीटनाशक व अन्य सामान जल गया। पीड़ित व्यापारी ने थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के खजूरी गांव निवासी अमित त्यागी की बस स्टैंड पर अमित बीज भंडार के नाम से दुकान है। शुक्रवार शाम अमित दुकान बंद कर घर चला गया था। देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने दुकान में आग लगा दी। शनिवार सुबह पड़ोसी ने अमित को दुकान में आग लगने की सूचना दी। आग की जानकारी पर व्यापारी मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दुकान के गल्ले में रखी 25 हजार की नकदी, 1 लाख रुपये कीमत का बीज, 3 लाख 50 हजार रुपये की कीटनाशक दवाई, सात स्प्रे मशीन, फर्नीचर, बैंक की पास बुक, दुकान के लाइसेंस, प्रमाण पत्र व अन्य जरूरी कागजात जलकर राख हो गए। जानकारी पर पहुंची थाना पुलिस को पीड़ित ने जानकारी दी। व्यापारी ने ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचकर अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
--------------------------------
युवक से 10 हजार रुपये व मोबाइल लूटा
परीक्षितगढ़। परीक्षितगढ़-मवाना मार्ग पर रामनगर प्याऊ के पास शुक्रवार रात बाइक सवार युवक से तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर 10 हजार की नकदी व मोबाइल लूट लिया। शनिवार सुबह पीड़ित ने थाने में घटना की तहरीर दी है।
जनपद गाजियाबाद के ग्राम दुहाई निवासी गुड्डू पुत्र वीरपाल सिंह ने हस्तिनापुर के पास चल रहे सड़क निर्माण के लिए मिट्ट़ी डालने का ठेका ले रखा है। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे गुड्डू अपनी बाइक से थाना किठौर के ग्राम भटीपुरा निवासी मौसा के घर जा रहा था। मवाना मार्ग रामनगर प्याऊ के पास पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया तथा तमंचे के बल पर उससे 10 हजार नगदी, मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने शनिवार सुबह थाने पहुंच कर बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।ं ं