दौराला। चिरौड़ी गांव में बुधवार शाम खेत से चारा लेने के लिए गए कक्षा नौ के छात्र का शव संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला। छात्र का शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने इसकी जानकारी आनन-फानन में पुलिस को दी। वहीं, हत्या की आशंका जताई है।
दौराला थाना क्षेत्र के गांव चिरौड़ी निवासी 14 वर्षीय मोंटी पुत्र वेदपाल शाम करीब चार बजे खेत से चारा लेने के लिए गया था। वह देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने ग्रामीणों के साथ मोंटी की तलाश शुरू की। करीब साढे सात बजे गांव निवासी रामफल के खेत के समीप शीशम के पेड़ पर मोंटी का शव लटका मिला। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। इसकी जानकारी पाकर काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहीं, दौराला इंस्पेक्टर रविन्द्र चंद्र पंत भी पुलिस बल के साथ पहुंचे और जांच की। शव काफी उंचाई पर लटका था। पुलिस ने उसे नीचे उतारा और ग्रामीणों से जानकारी की। वहीं, फोरेंसिक टीम भी गांव पहुंची। उधर, परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। फिलहाल थाने में तहरीर नहीं दी गई है।
परिजनों में मचा कोहराम
मोंटी प्रतिदिन की भांति पशुओं के लिए चारा लेने गया था। उसकी मौत की खबर मिली तो परिजनों में कोहराम मच गया। मोंटी के अपाहिज पिता वेदपाल, बीमार मां अमरेश, बड़े भाई अंकुर, बहनें रेखा, अंशु व प्रियंका का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव के ही स्कूल का छात्र था
ग्राम चिरौड़ी में पेड़ से लटके मिले छात्र मोंटी के परिजनों ने बताया कि वह गांव के ही स्कूल में पढ़ता था। उसका किसी से झगड़ा नहीं था। वह स्कूल से आने के बाद घरेलू कार्य करता था। मोंटी की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
वर्जन
पुुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जानकारी की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो सकेगी। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी। -रविन्द्र चन्द्र पंत, दौराला इंस्पैक्टर
मुख्य बातें
देर शाम तक घर नहीं लौटने पर ग्रामीणों और परिजनों ने की तलाश, हत्या की आशंका जताई
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, परिजनों में मचा कोहराम