खरखौदा। ग्राम फफूंडा से चार दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई किशोरी के परिजनों ने बहला-फ़ुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस बुधवार को किशोरी के परिजनों से पूछताछ के लिए पहुंची तो उन्होंने तालाब में गिरने की आशंका जताई। इसके चलते पुलिस ने तालाब की सफाई कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
ग्राम फफूंडा निवासी किशोरी मेरठ के एक स्कूल में कक्षा ग्यारह की छात्रा थी। वह बीती नौ नवंबर को गांव फफूंडा से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। जिसमें किशोरी के पिता ने फैज व सैफ दो युवकों के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला दो संप्रदाय के जुड़ा होने पर गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी। जिसमें पुलिस मामले के खुलासे के लिए किशोरी के फोन कॉल डिटेल के आधार पर जांच शुरू की। बुधवार को पुलिस किशोरी के परिजनों के बयान लेने पहुंची। पुलिस के अनुसार घटना से एक दिन पहले किशोरी को उसके पिता ने डांट दिया था। किशोरी रात्रि में घर से निकल गई। उसके पिता ने पीछा किया तो वह तालाब किनारे तक दिखी। इसके बाद ओझल हो गई। परिजनों को आशंका है कि पिता की डांट से क्षुब्ध होकर वह तालाब में कूद गई। पुलिस ने तुरंत अधिकारियों से बातचीत कर जेसीबी से तालाब की सफाई कराई। कई घंटे की मशक्कत के बाद भी किशोरी का सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पुलिस बैरंग लौट आई।
पिता के बताने पर जेसीबी से तालाब की सफाई कराई, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इस मामले में प्रत्येक पहलू पर जांच की जा रही है। -चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ किठौर