दहेज के लिए विवाहित को बंधक बनाया
सरधना। मुल्हेड़ा में दहेज की मांग को लेकर ससुराल वालों ने विवाहिता को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की। किसी तरह से महिला ने मायके में सूचना दी तो रविवार को देर रात मायके वाले गांव पहुंचे। आरोप है कि घर में अंदर प्रवेश करते ही उन पर धारदार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। किसी तरह से जान बचाकर मायके वाले मुल्हेडा चौकी पहुंचे और आपबीती सुनाई। सूचना पर पुलिस पहुंची तो आरोपी भाग खडे़ हुए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। दहेज के रूप में पांच लाख रुपये व कार मांगने का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी हैं।
पिलखुआ के कंदौला गांव निवासी जगत सिंह की पुत्री डोली की शादी एक वर्ष पूर्व मुल्हैडा गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। डोली का आरोप है कि उसकी ससुराल वाले दहेज के रूप में पांच लाख रुपये और एक कार की मांग को लेकर उसका काफी समय से उत्पीड़न कर रहे हैं। आरोप है कि ससुरालियों ने उसे एक सप्ताह से भूख प्यास रखकर एक कमरे में बंधक बनाकर रखा हुआ था किसी तरह से डोली ने सूचना अपने मायके में दी। सूचना पर रविवार को देर शाम गाड़ी में सवार होकर डोली का भाई दिनेश व चचेरा भाई डालचंद मां संतोष व अन्य पड़ोसी मुल्हेडा डोली की ससुराल पहुंचे। आरोप है कि घर के अंदर घुसते ही उन पर लाठी डंडों के साथ धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिसमें डालचंद पुत्र शिवचरण व दिनेश पुत्र जगत सिंह घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी वहां से भाग खडे़ हुए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। इस मामले में पूजा के परिजनों ने थाने पर दहेज उत्पीड़न व जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है, उधर कुछ लोग दोनों पक्षों में समझौता कराने का प्रयास कर रहे थे। समाचार लिखे जाने तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।
खास बातें:
सूचना पर पहुंचे मायके वालों से भी मारपीट का आरोप