कपड़ा व्यापारी पर तमंचा तान रंगदारी मांगी
मेरठ। श्यामनगर में बृहस्पतिवार दोपहर बाइक सवार दो युवकों ने कपड़ा व्यापारी के ऊपर तमंचा तान कर पचास हजार रुपये की रंगदारी मांगी। बाद में हमलावर व्यापारी के सिर में तमंचे की बट मारकर धमकी देकर फरार हो गये। व्यापारी ने पिलोखड़ी चौकी पर तहरीर दी है।
लिसाड़ीगेट के श्यामनगर निवासी अमन पुत्र मोहम्मद सलीम की शकू रनगर के पास कपड़े की दुकान है। बृहस्पतिवार दोपहर वह दुकान बंद कर अपने घर जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार दो हमलावरों ने उन्हें रोक लिया और तमंचा तान दिया। आरोपियों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। उन्होंने व्यापारी से कहा कि पचास हजार रुपये का इंतजाम नहीं किया तो अंजाम बुरा होगा। यदि थाने में बताने की कोशिश की तो किसी भी दिन जान जा सकती है। इसके बाद आरोपी व्यापारी के सिर में तमंचे की बट मारकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला का कहना है कि धमकी देने का मामला सामने आया है। रंगदारी की बात सामने नहीं है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।