मेरठ/कंकरखेड़ा। सीआईएसएफ के दरोगा की किशोरी बेटी का रविवार रात उसके स्कूल के सीनियर छात्र ने साथियों समेत अपहरण कर लिया। करीब तीन घंटे बाद किशोरी बेहोशी की हालत में बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक रोहटा रोड स्थित एक कॉलोनी निवासी यह किशोरी कैंट क्षेत्र के एक स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा है। उसके स्कूल के सीनियर छात्र धर्मेश ने रविवार रात करीब नौ बजे छात्रा को कॉल कर कहा कि हमने तेरे पिता का अपहरण कर लिया है। अगर पिता के अंतिम दर्शन करने हैं तो चुपचाप घर से बाहर आ जा। छात्रा घर से निकली तो आरोपियों ने उसे जबरन कार में डाल लिया।
करीब तीन घंटे तक आरोपी छात्रा को कार में लेकर घूमते रहे। छात्रा को नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ भी करना बताया। इस बीच छात्रा की मां ने यूपी 100 को कॉल की तो खोजबीन के दौरान छात्रा रोहटा रोड स्थित जंगल में अस्तव्यस्त हालत में बेहोश पड़ी मिली। पुलिस ने छात्रा को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने धर्मेश, अंकित, भंवर सिंह व दो अज्ञात सहित पांच युवकों पर केस दर्ज कराया है।
समझौते का दबाव बनाती रही पुलिस
परिजनों का आरोप है कि धर्मेश उनकी बेटी पर दोस्ती करने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर छेड़छाड़ करता था। पुलिस ने भी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की। रविवार को भी पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय समझौते का दबाव बनाती रही। सोमवार को परिजनों ने एसएसपी से मिलकर शिकायत की तो एसएसपी ने कंकरखेड़ा पुलिस को लताड़ लगाई। इसके बावजूद भी पुलिस ने रात आठ बजे केस दर्ज किया।
- तीन घंटे बाद बेहोशी की हालत में मिली, पांच पर केस दर्ज