मजरा स्वामीपुरा में बुखार का कहर
ब्लॉक माछरा के मजरा स्वामीपुरा 50 से अधिक लोग बुखार की चपेट में है। कई को डेंगू होने की पुष्टि भी हुई है। मजरा स्वामीपुरा में 50 लोगों से अधिक को बुखार ने जकड़ रखा है। ब्लॉक माछरा से मच्छर मारने के लिए दवाई का वितरण भी किया गया। ग्राम प्रधान संजीवदत्त शर्मा ने बताया कि दीपचन्द, शेखर, मयंक, शिवशंकर में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनका उपचार मेरठ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
सीएचसी माछरा प्रभारी डॉ. आलोक नायक ने बताया कि बुखार की सूचना पर उन्होंने अशोक कुमार, बिजेंद्र आदि की एक टीम बनाकर गांव कासमपुर स्वामीपुरा में भेजी है। टीम डोर टू डोर जाकर मलेरिया और डेंगू की जांच करेगी। करीब 50 लोगों की जांच की गई। ग्राम पंचायत सचिव लोकेश कुमार एवं आंगनबाड़ी और आशा का भी सहयोग रहा है।
दूसरी डोज लगवाने वाले पांच लाख के पार
टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। मंगलवार को 80 बूथों पर 20452 लोगों ने कोरोना से बचाव का टीका लगवाया। लोग लंबी कतारों में लगे रहे। दूसरी तरफ, जिले में दूसरी डोज लगवाने वालों की संख्या पांच लाख के पार पहुंच गई है।
अब तक 5 लाख 9279 लोग टीकाकरण करा चुके हैं, जबकि पहली डोज लगवाने वाले 14 लाख 95 हजार 49 लोग हैं। अब ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले लाभार्थियों को टीकाकरण में प्राथमिकता दी जा रही है। सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। वहीं बुधवार को 54 स्थानों पर 13320 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। 9420 लोगों को कोविशील्ड और 3900 लोगों को कोवैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है।