उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में कोरोना के मामलों की रफ्तार तेज हो गई है। जिले में बुधवार को तीन साल के बच्चे समेत 12 नए मरीज और मिले हैं। इनमें छह पुरुष और छह महिला वर्ग से हैं। अब जनपद में सक्रिय मरीजों की संख्या 31 हो गई है।
बताया गया कि इन सभी के सैंपल जिनोम सीक्वेंसिंग के लिए दिल्ली भेजे जाएंगे। बुधवार को मिले मरीज जयभीमनगर, कसेरुबक्सर, पल्हेड़ा, पुलिस लाइंस, रजबन, कैंट और संजयनगर के रहने वाले हैं। इसके बाद उनके संपर्क वालों की जांच कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले चार दिन में 28 मरीज मिल चुके हैं।
मंगलवार को मिले थे चार केस
कोरोना के 5099 सैंपलों की जांच में मंगलवार को चार लोग पॉजिटिव मिले थे। इनमें बिजली विभाग के निदेशक, सीए, अधिशासी अभियंता और चपरासी शामिल हैं। वहीं, सोमवार को मिले आठ मरीजों में से चार की जानकारी भी स्वास्थ्य विभाग ने साझा की है। इनमें दो महिलाएं हैं, एक महिला दुबई से कंकरखेड़ा आई है और दूसरी गर्भवती सरधना निवासी है, जबकि दो अन्य मरीज हैं, जो सर्जरी कराने व बुखार होने पर अस्पताल गए थे।
यह भी पढ़ें: फिर बड़ी कार्रवाई: कबाड़ी राहुल काला की पांच करोड़ की संपत्ति जब्त, किरायेदार बोले- हम बेघर हो गए, देखिए तस्वीरें
पीवीवीएनएल मुख्यालय ऊर्जा भवन में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने जांच कराई, जिसमें कंपनी के निदेशक वित्त और उनके चपरासी पॉजिटिव मिले। इसके अलावा निदेशक वाणिज्य के सीए और एक अधिशासी अभियंता भी संक्रमित हैं। फोकस सैंपलिंग के तहत इनकी एंटीजन जांच की गई। इनके संपर्क में आने वालों को क्वारंटीन होने के लिए कहा गया है। कंपनी एमडी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बताया कि विभाग में कोविड-19 प्रोटोकाल का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। कोरोना पॉजिटिव रहे एक व्यक्ति की छुट्टी हुई है।
यह भी पढ़ें: भयावह हादसे की तस्वीरें: मातम में बदलीं बर्थडे की खुशियां, बेटे का शव देख बेहोश हुई मां, डॉक्टर बनने का सपना चकनाचूर