चिप्स के पैकेट को लेकर विवाद, पथराव से मची भगदड़
मेरठ। देहलीगेट थाना क्षेत्र के पूर्वा अहमदनगर में चिप्स के पैकेट को लेकर हुए विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान पथराव से भगदड़ मच गई। एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से कई लोगों को थाने लेकर आ गई। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है।
पूर्वा अहमदनगर निवासी इस्लाम का नवासा मुनीर पास की एक दुकान से चिप्स का पैकेट खरीदकर लाया था। परिवारजन जब उस चिप्स को खोलने लगे तो उसकी एक्सपायरी डेट देखकर, उन्होंने मुनीर को पैकेट लौटाने के लिए भेज दिया। इस दौरान दुकान पर चांद उर्फ अबू बकर मौजूद था। आरोप है कि उसने चिप्स का पैकेट बदलने से मना कर दिया। आरोप है कि मुनीर को चांटा मार दिया।
मुनीर ने पास में ही एग्रीकल्चर की दुकान करने वाले अपने मामा इलियास को इसकी जानकारी दी तो वह बच्चे को लेकर दुकान पर पहुंच गये और मारपीट का विरोध जताया। इसके बाद चांद ने फोन कर कैफ, अनीस, रहीस सहित करीब सात-आठ लोगों को वहां बुला लिया। इन लोगों ने आते ही गाली-गलौज शुरूकर दी। विरोध करने पर मारपीट पर उतर आए। इसी दौरान पथराव भी हो गया, जिससे भगदड़ मच गई।
आरोपी युवकों ने कांच की बोतल से हमला करना शुरू कर दिया, जिसमें इलियास घायल हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के कई लोगों को लेकर थाने आ गई। देहलीगेट पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि इस्लाम के परिवार की ओर से काफी कुछ जानकारी चांद को लेकर पुलिस को दी गई है।