सीडीओ के स्टेनो ने नाम बदलकर खुद की शिकायतकर्ता से बात
मेरठ। मुख्य विकास अधिकारी शशांक चौधरी के स्टेनो नेपाल सिंह ने कार्यालय के लैंडलाइन नंबर से सजग प्रहरी के जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा से राजकुमार नाम बताकर बातचीत की। कुलदीप शर्मा की ओर से कई बार स्टेनो नेपाल सिंह की शिकायत कमिश्नर, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी से की जा चुकी है। शिकायत में लिखा है कि नेपाल सिंह को वर्ष-2016 में लैपटॉप मांगने पर भ्रष्टाचार मामले में निलंबित किया गया। इसके बाद भी नेपाल सिंह प्रमुख पद पर तैनात किया गया है।
इसके चलते ही 16 सितंबर को मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय के लैंडलाइन नंबर से शिकायतकर्ता के मोबाइल नंबर पर कॉल किया गया। इसमें स्टेनो नेपाल सिंह ने अपना नाम राजकुमार बताकर अपने पक्ष में कई बातें कीं। इसके बाद दोबारा स्टेनो ने गलती मानते हुए शिकायतकर्ता से कहा कि मैंने ही आपको फोन किया था। मेरे सामने राजकुमार फाइल लेकर बैठे थे। इसलिए गलती से मुझसे उनका नाम निकल गया। अब शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से स्टेनो नेपाल सिंह के खिलाफ अवैध प्रतिरूपण, संचार माध्यम का गलत दुरुपयोग करने पर केस दर्ज कराने की मांग की है।