सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता और तीन तलाक के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाली फरहा फैज पर प्रधानमंत्री आवास योजना में मिली पहली किश्त के 50 हजार रुपये लेने एवं मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मंडी कोतवाली में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मंडी कोतवाली के मोहल्ला मुस्तफाबाद खाताखेड़ी निवासी निसार अहमद ने आरोप लगाया है कि उसे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र बनाया गया था, लेकिन उसको 2.5 लाख रुपये की सहायता राशि नहीं मिल पा रही थी। निसार ने बताया कि प्रताप नगर निवासी फरहा फैज और उनके पति विनोद वर्मा ने उसको ढाई लाख रुपये दिलाने की जिम्मेदारी ली। डूडा ने उसकी सहायता राशि को पास कर दिया। फरहा फैज और विनोद वर्मा ने पहली किश्त के 50 हजार रुपये निकलवा लिए और अपने पास रख लिए। जब उसने अपने पैसे मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी। निसार ने मंडी कोतवाली में धोखाधड़ी करने एवं जान से मारने की धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
यह भी पढ़ें: फरहा फैज बोली- फतवों के डर से मुक्त हुईं मुस्लिम महिलाएं, दादागीरी नहीं अब चलेगा कानून का राज
मंडी कोतवाली प्रभारी अशोक सोलंकी का कहना है कि निसार अहमद की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता फरहा फैज का कहना है कि डूडा ने कुछ ऐसे लोगों को पात्र बना दिया था जो पात्र नहीं थे। इसकी शिकायत उन्होंने अधिकारियों से की थी। इसमें निसार का नाम भी शामिल था। डूडा ने उसकी सहायता राशि पास कर दी थी और उसे 50 हजार रुपये की किश्त भी जारी कर दी थी। इस धांधली की शिकायत उन्होंने सीबीआई, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में भी की है। इसी से बौखलाकर उनके खिलाफ कुछ लोगों ने षड्यंत्र के तहत रिपोर्ट दर्ज कराकर घेराबंदी की कोशिश की है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/