मेरठ। नौचंदी के करीम नगर नाले पर मंगलवार को महिला और उसके बच्चे पर चालक ने कार चढ़ा दी। महिला और उसके बच्चे को मामूली चोट आई है, जिनका उपचार कराया गया। इस दौरान लोगों ने हंगामा कर दिया। लोगों ने आरोपी कार चालक की पिटाई भी कर दी।
करीमनगर के नाले के पास कार सवार युवक तेज गति से जा रहा था। इस दौरान बाइक को बचाने के चक्कर में कार सवार ने नाले के किनारे खड़ी महिला और उसके बच्चे के ऊपर कार चढ़ा दी। आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में जल्दी से कार के नीचे दबे मां-बेटे को निकाला। लोगों ने हालांकि कार चालक के साथ हाथापाई भी कर दी। कार चालक उपचार के लिए निजी डॉक्टर के पास कार में बैठाकर महिला और बच्चे को ले गया। खास बात यह है कि इस दौरान पुलिस को भी सूचना दी गई, लेकिन बावजूद इसके पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। जिसके बाद यहां पर ही मामला रफा-दफा हो गया।