उत्तर प्रदेश के मेरठ में ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में 12 सीटों में से छह पर भाजपा के प्रत्याशियों के निर्विरोध चुने जाने तय हो गए हैं। छह ब्लॉक में एक-एक प्रत्याशी ने ही नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इन ब्लॉक में मेरठ, खरखौदा, दौराला, रजपुरा, रोहटा और सरधना शामिल हैं।
माछरा ब्लॉक की बात करें तो यहां पर दो प्रत्याशियों ने पर्चे भरे हैं। भाजपा ने यहां पर कोई प्रत्याशी घोषित नहीं किया है, लेकिन यहां चुनाव लड़ रहे अशोक त्यागी और ब्रजवीर सिंह दोनों भाजपा से ही हैं। जानी ब्लॉक में भी ऐसा ही हुआ है। यहां भी भाजपा ने किसी प्रत्याशी का नाम घोषित नहीं किया है, लेकिन यहां भी चुनाव लड़ रहे अनिल कुमार, उनके बेटे गौरव और हरेंद्र सिंह भाजपा से हैं।
मवाना में भाजपा प्रत्याशी गीता पायल के सामने गीता वर्मा ने नामांकन किया है। गीता वर्मा के ससुर रालोद के नेता रहे हैं। सरूरपुर में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र ने पर्चा भरा है। इसके अलावा यहां से मनोज, प्रवेश और कविता ने पर्चा भरा है। इनको अभी किसी पार्टी ने समर्थन नहीं दिया है। परीक्षितगढ़ में भाजपा के प्रत्याशी ब्रहम सिंह ने पर्चा भरा है, दूसरा पर्चा यहां कंवरपाल सिंह ने दाखिल किया है। हस्तिनापुर में सबसे ज्यादा चार-चार प्रत्याशियों ने पर्चे भरे हैं। भाजपा से नितिन पोसवाल ने नामांकन किया है। इनके अलावा आरुषी, सन्नी चौहान और सचिन ने पर्चा भरा है।
ये चुने जाएंगे निर्विरोध
ब्लॉक - प्रत्याशी पार्टी
रोहटा - रेखा - भाजपा
खरखौदा - पुनीत त्यागी - भाजपा
मेरठ - कपिल कुमार - भाजपा
दौराला - शर्मिष्ठा देवी - भाजपा
रजपुरा - पूनम चौहान - भाजपा
सरधना - सिमरन ठाकुर - भाजपा
इनमें है मुकाबला
माछरा- अशोक त्यागी और ब्रजवीर
मवाना - गीता पायल और गीता वर्मा
परीक्षितगढ़ - ब्रह्म सिंह और कंवरपाल सिंह
जानी खुर्द - अनिल कुमार, अनिल कुमार का बेटा गौरव और हरेंद्र सिंह
सरूरपुर - राजेंद्र सिंह, मनोज, प्रवेश और कविता
हस्तिनापुर - नितिन पोसवाल, सन्नी चौहान, आरुषि सिद्धार्थ और सचिन
चुनाव कार्यक्रम
नाम वापसी : शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक
मतदान: 10 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक
मतगणना: 10 जुलाई शाम तीन बजे से