शामली जिले में सदर ब्लॉक, थानाभवन में भाजपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। कांधला में निर्दलीय प्रत्याशी विनोद मलिक जीते हैं। उन्हें भाजपा नेता एवं पूर्व एमएलसी विरेंद्र सिंह चुनाव लड़ा रहे थे। मेरठ में जानी ब्लाक, हस्तिनापुर, परीक्षितगढ़, माछरा और मवाना में भी भाजपा जीती है। एक सीट सरुरपुर पर भाजपा के बागी ने जीत दर्ज की है। मुजफ्फरनगर में खतौली से निर्दलीय, बुढ़ाना ब्लाक से सपा, शाहपुर, जानसठ और पुरकाजी में भाजपा जीती है।
देवबंद में पुलिस ने फटकारी लाठियां, कई सपा नेता हिरासत में
देवबंद में ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा की ममता त्यागी की जीत की घोषणा के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। सपा प्रत्याशी नीतिशा राणा के पति कार्तिकेय राणा धांधली का आरोप लगाते हुए समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। इसके बाद पुलिस ने लाठियां फटकार कर धरने पर बैठे लोगों और जमा भीड़ को दौड़ा लिया। तीन लोग पुलिस की लाठियों से घायल बताए गए हैं।
पुलिस ने कार्तिकेय राणा सहित दर्जन भर सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। मुजफ्फरनगर में बुढ़ाना एक महिला क्षेत्र पंचायत सदस्य ने आरोप लगाया कि उसकी वोट छीनकर डाल दी गई। इस पर हंगामा हो गया और भाजपा व विपक्षियों की ओर से नारेबाजी की गई। विधायक उमेश मलिक को लोगों ने घेर लिया।
भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत भी मौके पर पहुंच गए और प्रशासन से निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की। पुरकाजी में भी मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए विपक्ष ने हंगामा किया। बागपत के पिलाना में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए चल रहे मतदान के दौरान एक महिला फर्जी वोट डालने पहुंच गई। असली महिला मतदाता वहां पहले से ही मौजूद थी। इस पर हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।