मेरठ में नाली के विवाद की सूचना पर शास्त्री नगर स्थित कुटी मोहल्ले में पहुंची नौचंदी पुलिस को आपस में झगड़ रहे दोनों पक्षों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पुलिस ने सीआरपीएफ कर्मी, उसकी पत्नी और पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस घटना को छिपाती रही। करीब 24 घंटे बाद एसएसपी को इसकी जानकारी दी गई।
कुटी मोहल्ले में सीआरपीएफ के कर्मी वीर अभिमन्यु का घर के बाहर नाली में पानी की निकासी को लेकर बुधवार रात करीब 9:30 बजे पड़ोसी बिजेंद्र सिंह से विवाद हो गया। जानकारी मिलते ही दरोगा राजकुमार, हेड कांस्टेबल गंगा प्रसाद और दो सिपाही मौके पर पहुंचे। पुलिस दोनों पक्षों को समझाने लग गई, जिस पर वहां हंगामा हो गया। आरोप है कि दोनों पक्षों ने पुलिस के साथ मारपीट कर दी।
पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया है। पुलिस पर हमले के बाद नौचंदी थाने से पुलिसबल मौके पर पहुंचा और सीआरपीएफ कर्मी वीर अभिमन्यु, उसकी पत्नी नीतू व पड़ोसी बिजेंद्र सिंह को हिरासत में ले लिया। दोनों पक्षों के लोग नौचंदी थाने पहुंचे और समझौता कर लिया। लेकिन दरोगा राजकुमार की तहरीर पर ही दोनों पक्षों को नामजद किया गया। उसके बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया।