25 हजार का इनामी तमंचे के साथ गिरफ्तार, छह साल से पत्नी की हत्या में चल रहा था फरार
सरूरपुर। सरूरपुर थाना पुलिस ने छह साल से फरार चल रहे सजायाफ्ता एवं 25 हजार रुपये के इनामी को तमंचे सहित गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी पत्नी की हत्या में सजा काट रहा था।
बृहस्पतिवार को सीओ सरधना आरपी शाही ने बताया कि सरूरपुर पुलिस ने छह साल से मेडिकल थाना क्षेत्र से फरार चल रहे एक सजायाफ्ता कैदी को गिरफ्तार किया है। सीओ ने बताया कि जिला बुलंदशहर के थाना अरनियां के हलपुरा निवासी आदित्य चौहान पुत्र कैलाश चौहान अपनी पत्नी की हत्या के मामले में जेल में बंद था। कूल्हे में परेशानी के चलते वह 11 नवंबर, 2015 को बुलंदशहर जेल से मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। 26 नवंबर को आदित्य चौहान मेडिकल कॉलेज से पुलिस को चकमा देकर भाग गया था। इस मामले में एचसीपी हरपाल सिंह की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। लापरवाही में ड्यूटी बरतने के आरोप में खुद वादी एचसीपी हरपाल सिंह, कांस्टेबल आदित्य व जितेंद्र को नामजद किया गया था।
थानाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि सजायाफ्ता कैदी पर वर्ष 2018 में पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इस मामले में उसकी संपत्ति की कुर्की भी हो चुकी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि वह भेष बदलकर मथुरा के वृंदावन, नंदपुरा व कोयंबटूर आदि सहित कई स्थानों पर रहा।
पुलिस ने एक सुराग के आधार पर बृहस्पतिवार को आरोपी आदित्य चौहान को हर्रा मोड़ से तमंचे व कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। इनामी बदमाश को पकड़े जाने पर एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है।