हथियाबंद बदमाशों ने खंद्रावली में मकान में घुसकर की लूट
माछरा। शनिवार रात हथियारबंद बदमाशों ने गांव खंद्रावली के एक मकान में परिवार के सदस्यों को कब्जे में लेकर लूटपाट की। बदमाशों ने महिलाओं के जेवरात उतरवाने के अलावा अलमारी व संदूक में रखी नकदी व जेवरात भी लूट लिए। परिवार के सदस्यों को एक कमरे में बंद कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की, लेकिन बदमाशों की तलाश नहीं की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है
गांव खंद्रावली में इशराक पुत्र मौहम्मद अली का संपन्न परिवार है। परिवार के लड़के सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। इशराक ने बताया कि बेटे सलीम की पत्नी को मेरठ अस्पताल में बच्चा पैदा हुआ था। वह रात करीब 11 बजे मेरठ से गांव लौटकर बाहर बरामदे में आराम कर रहे थे। उन्हें मकान में आदमी होने का शक हुआ। तभी बदमाशों ने उनके सिर के पर तमंचा लगा दिया और उनसे आवाज लगवाकर कमरे खुलवाए। बदमाशों ने महिलाओं के कुंडल, अंगूठी, पाजेब, मोबाइल लूट लिए। इसके बाद परिवार के सदस्यों को एक कमरे में बंद कर दिया। बदमाशों ने अलमारी और संदूक में रखे सोने-चांदी के जेवरात, 32500 रुपये भी लूट लिए। बदमाश करीब आठ तोले सोने और डेढ़ किलो चांदी के जेवरात ले गए। एक बदमाश ऊपर के कमरे में सो रहे बेटे की निगरानी करता रहा। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ितों ने शोर मचाया। मौके पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। सूचना पर किठौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की। परंतु पुलिस ने जंगल में बदमाशों की तलाश नहीं की। जांच पड़ताल के बाद पुलिस बैरंग लौट गई। इशराक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित के अनुसार, बदमाशों की संख्या चार थी।