हथियारबंद बदमाशों ने व्यापारी से नकदी व मोबाइल लूटा
मवाना। मवाना से हस्तिनापुर बाइक से लौट रहे युवक से नहर पुल के पास बदमाशों ने तमंचा लगाकर बैग छीन लिया। जिसमें 36 हजार रुपये थे। बदमाश बाइक की चाबी तथा मोबाइल भी ले गए। घटना बृहस्पतिवार शाम की है, जिसकी तहरीर पीड़ित ने शुक्रवार को थाने में दी।
हस्तिनापुर की डिफेंस कॉलोनी निवासी अरुण शर्मा पुत्र बलदेव राज शर्मा ने तहरीर में बताया कि मवाना में लक्ष्मी देवी डिग्री कॉलेज के सामने आकाश ट्रैक्टर पार्ट्स के नाम से दुकान है। बृहस्पतिवार शाम 6.30 बजे वह दुकान बंद कर बाइक पर हस्तिनापुर के लिए चला था।
नहर पुल मोड़ के पास पहुंचा तो बराबर से निकले बाइक सवारों ने उससे कहा कि तुम्हारा बैग खुला है। उसने बैग देखने के लिए बाइक रोकी तो तभी पीछे से बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने उस पर तमंचा सटाकर गोली मारने की धमकी दी और बैग छीन लिया। जिसमें 36 हजार रुपये तथा दुकान के हिसाब-किताब का रजिस्टर व अन्य कागजात थे। बदमाशों ने बाइक की चाबी और मोबाइल फोन भी लूट लिया और धमकी दी कि यदि थाने में शिकायत की तो जिंदा नहीं छोडे़ंगे। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।