कोरोना काल में बंद हुए आंगनबाड़ी केंदों को दोबारा से रोजाना खोलने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। अभी तक केंद्रों को सप्ताह में दो दिन खोल जा रहा था। अब स्थिति सामान्य होने के बाद बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार निदेशक डॉ. सारिका मोहन ने जिला कार्यक्रम अधिकारियों को आदेश जारी कर दिया है। उन्होंने कोरोना प्रोटोकाल के आदेशों का पालन करते हुए रोजाना आंगनबाड़ी केंद्रों को खोलने के आदेश जारी किए हैं।
हस्तिनापुर में बुधवार से आंगनवाड़ी केंद्रों को नियमित रूप से प्रतिदिन खोलने के आदेश मिलते ही आंगनवाड़ी केंद्रों पर संचालक कार्यकत्री सुबह से ही पहुंच गई कई केंद्रों पर बच्चे भी उत्साह के साथ पहुंचे।
बुधवार को आंगनबाड़ी केंद्रों पर पहुंचे बच्चों के हाथ धुलवाते हुए कार्यकत्री नजर आई। आंगनबाड़ी केंद्रों पर योगाभ्यास और प्रार्थना कराई गई और बच्चों को अक्षर ज्ञान कराया गया। कई आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों की संख्या कम रही तो कई पर उत्साह के साथ काफी बच्चे पहुंचे।