बसों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन
महिलाओं-बच्चियों की सुरक्षा के महत्वपूर्ण सेफ सिटी प्रोजेक्ट पर मंडलायुक्त ने काम करने के निर्देश दिए हैं। सिटी बसों में सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन लगाए जाएंगे। इंटीग्रेटेड स्मार्ट कंट्रोल रूम, पिंक बूथ, पिंक पेट्रोल, पिंक टॉयलेट, आशा ज्योति केंद्र और लाइटनिंग व्यवस्था को लेकर विभागों से पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त की अध्यक्षता में गठित एंपावर्ड कमेटी द्वारा 70.36 करोड़ के प्रस्ताव चयनित किए गए। ये प्रस्ताव मंडल आयुक्त स्तर से शासन के गृह विभाग को प्रेषित किए जा चुके हैं। समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त मनीष बंसल ने बताया कि सेफ सिटी परियोजना के संबंध में शासन से प्राप्त निर्देश के आधार पर संबंधित विभागों से प्राप्त कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है।
ये है सेफ सिटी प्रोजेक्ट में निर्देश
बसों में सीसीटीवी और पैनिक बटन लगेंगे। कोई परेशानी आने पर महिलाएं पैनिक बटन दबाएंगी तो स्मार्ट कंट्रोल रूम को सूचना मिल जाएगी। ये पैनिक बटन इस तरह के होंगे कि महिला बोलकर अपनी समस्या सुना भी सकेंगी। इसे कंट्रोल रूम पर नोट किया जाएगा। बटन के पास ही लगा कैमरा कंट्रोल रूम से जुड़ा होगा। शहर के ऐसे क्षेत्र चिह्नित किए जाएंगे जहां रात में महिलाओं का आवागमन होता है और वहां रोशनी कम हो। प्रमुख चौराहों और मुख्य बाजारों में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट बनाए जाएंगे।