मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय तहसील क्षेत्र के चलीसवा गांव में नव निर्मित फायर स्टेशन का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को लखनऊ से वर्चुअल उद्घाटन किया। फायर स्टेशन के संचालन से तहसील के 100 गांवों में आग लगने से होने वाले वाले नुकसानों को रेाकने में मदद मिलेगी। अभी तक पहले केवल गर्मी के मौसम में ही यहां अस्थायी फायरबिग्रेड जवानों की तैनाती रहती थी, लेकिन अब तक दो अग्निशमन वाहन, पांच फायर कर्मियों की रहेगी तैनाती होगी। इससे पहले बुधवार की देर रात ही चार्ज लेने के बाद बृहस्पतिवार को जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक इलामारन अपने पहले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने फीता काटकर शिलापट्ट से पर्दा हटाया और नए फायर स्टेशन को लोगों की सेवा में समर्पित किया। कहा कि फायर स्टेशन से क्षेत्र में होने वाली अगलगी की घटनाओं पर काबू पाने में मदद मिलेगी। कहा कि जिले में अपराध को कम करना और किसी भी निर्दोष के साथ अन्याय न हो ये उनकी प्राथमिकता होगी। कोई भी किसी बेबस या लाचार को परेशान करेगा या किसी का शोषण करेगा तो शिकायत मिलने के बाद पुलिस कतई उसे नहीं छोड़ेगी। भवन का निर्माण दो करोड़ सात लाख रुपये की लागत से हुआ है। इस अवसर पर मुख्य अग्नि शमन अधिकारी के वर्मा, मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्राधिकारी डा. अजय विक्रम सिंह, कोतवाल धर्मेंद्र सिंह, फायर स्टेशन प्रभारी बजरंगी सिंह आदि उपस्थित रहे।
घोसी, मधुबन तहसील के लोगों को करना होगा लंबा इंतजार
मऊ। घोसी तहसील के अमिला और मधुबन के कटघराशंकर में भी फायर स्टेशन बनाया जा रहा है। पुलिस आवास निगम ने तीनों तहसीलों में एक साथ फायर स्टेशन का निर्माण शुरू हुआ था। लेकिन अभी तक इन दो फायर स्टेशन अग्निशमन विभाग को हैंडओवर नहीं हुए हैं। वर्तमान में विभाग के पास कर्मचारियों की भी कमी है। आग लगने के बाद ग्रामीण फोन से अग्निशमन विभाग से सहायता तो मांगते हैं। लेकिन घटनास्थल तक फायर टेंडर पहुंचते पहुंचते काफी क्षति हो जाती है।