मऊ जिले के ग्राम सभा हिकमा चट्टी पर पुलिया के निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किए जाने से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। शनिवार को ग्रामीणों ने काम को बंद कराते हुए मजदूरों को बंधक बना लिया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए ठेकेदार मौके से फरार हो गया। मजदूरों को बंधक बनाने की सूचना पर कोपागंज थाने से पुलिस उपनिरीक्षक गंगाराम बिंद मय दल-बल मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों को शांत कराते हुए मजदूरों को रिहा कराया। कोपागंज से भातकोल तक सड़क का चौड़ीकरण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है। इसी के तहत कोपागंज ब्लॉक क्षेत्र के हिकमा चट्टी पर एक पुलिया का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया निर्माण में तीन नंबर ईट, लोकल सफेद बालू और घटिया सीमेंट का उपयोग किया जा रहा है।
शनिवार सुबह करीब 11 बजे 50 से ज्यादा ग्रामीण राम करण चौहान के नेतृत्व में निर्माणाधीन पुलिया पर पहुंचे। काम को बंद करा दिया और ठेकेदार के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों ने कहा कि कई बार ठेकेदार को चेताया गया, बावजूद मानक के अनुरूप निर्माण सामग्री का प्रयोग नहीं किया जा रहा था। मौके पर पहुंचे कोपागंज थाने के उपनिरीक्षक ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत प्रशासन के अधिकारियों से अवगत कराया जाएगा।