मुहम्मदाबाद गोहना के रानीपुर थाना क्षेत्र में शमशाबाद के बाद पास पूर्वांचल एक्सप्रेस पर हुए हाद
- फोटो : MAU
स्थानीय तहसील क्षेत्र से गुजर रहे पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर रानीपुर थाना क्षेत्र में शमशाबाद गांव के पास भयंकर हादसा हो गया। चार पहिया वाहनों के आमने-सामने की टक्कर में बिहार निवासी जयशंकर की मौत हो गई जबकि भाजपा नेता सहित नौ लोग घायल हो गए। एक गाड़ी में सवार चार घायलों को मुहम्मदाबाद गोहना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हायर सेंटर भेज दिया गया। दूसरी गाड़ी में सवार तीन महिला समेत पांच लोगों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें आजमगढ़ स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर रानीपुर थाना क्षेत्र के शमशाबाद और याकूबपुर गांव के बीच 272 किमी माइलस्टोन पर रविवार दोपहर 2:15 विपरीत दिशा से आ रहे चार पहिया वाहन टकरा गए। बताया जाता है कि उक्त स्थान पर एक एक्सप्रेस वे के एक लेन पर कार्यदाई संस्था द्वारा पीचिंग का कार्य किया जा रहा है। वहां ट्रैफिक को दूसरे लेन पर डायवर्ट किया गया है। डायवर्जन के बाद लगभग 5 किलोमीटर तक एक ही लेन पर दोनों तरफ से गाड़ियों का आना जाना हो रहा है। शनिवार को 2:15 बजे गाजीपुर की तरफ से एक फॉर्च्यूनर लखनऊ और लखनऊ की तरफ से दूसरी गाड़ी गाजीपुर की तरफ जा रही थी। रूट डायवर्ट होने से तेज रफ्तार दोनों वाहन एक ही लेन पर आमने सामने टकरा गए। हादसा इतना भयंकर था कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर आ गए। सूचना पर रानीपुर थाना की पुलिस और एंबुलेंस पहुंच गई। फॉर्च्यूनर में सवार घायलों को मुहम्मदाबाद गोहना स्थित सीएससी पर लाया गया जबकि दूसरी गाड़ी में सवार 3 महिला समेत पांच लोगों को गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आजमगढ़ स्थित ट्रामा सेंटर भेजा गया है।
फॉर्च्यूनर गाड़ी में वाराणसी जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र के श्रीकंठपुर गांव निवासी भाजपा नेता अमरनाथ चौबे और उनके दो गनर को चोटे आई हैं। इसके आलावा चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र के महुआ कला गांव निवासी छविराज 45 पुत्र गुलाब पांडे के हाथ और पैर की हड्डी टूट गई है। जबकि विकसित 26 पुत्र धीरेंद्र निवासी चौबेपुर वाराणसी, और पंकज पांडे 25 पुत्र काशीनाथ पांडे निवासी पांडेयपुर थाना सैदपुर जनपद गाजीपुर को मामूली चोटें आई हैं। दूसरी नेक्सन गाड़ी में सवार महिलाओं समेत अन्य घायलों को फौरन ट्रामा सेंटर भेज दिया गया जिससे तुरंत उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने कुछ देर तक वहां हंगामा किया बाद में पुलिस के समझाने पर मामला शांत हुआ।