अखिलेश यादव के साथ दारा सिंह चौहान
- फोटो : सोशल मीडिया।
दारा सिंह चौहान ने 2017 के विधानसभा चुनाव के पूर्व भाजपा का दामन थामा था। उस वक्त भाजपा ने उन्हें मधुबन से प्रत्याशी बनाया, फिर जीत के बाद मंत्री। लेकिन पांच साल बीतते-बीतते उन्होंने भाजपा को अलविदा कहते हुए इस्तीफा दे दिया। दारा सिंह चौहान अब मऊ की जगह आजमगढ़ की किसी सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।
पढ़ेंः स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफे पर विधायक सुरेंद्र सिंह ने साधा निशाना, बताया- लोभी और स्वार्थी
दारा सिंह चौहान पूर्वांचल में चौहान समाज के नेताओं में एक बड़ा नाम है। इसलिए हर पार्टी उन्हें अपने खेमे में लेने को आतुर रहती है। जिसको पूरा फायदा वह समय-समय पर उठाते रहते हैं। इस्तीफे के बाद उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव से मुलाकात की। ऐसे में यह माना जा रहा है कि वे समाजवादी पार्टी में जाएंगे। वहीं सूत्रों की माने तो दारा सिंह मऊ की जगह आजमगढ़ के किसी सीट से चुनाव लड़ेगे।
उन्होंने राजनीतिक जीवन से छात्र राजनीति से कदम रखा था। पहले कांग्रेस संगठन में पदाधिकारी रहे, फिर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। वर्ष 1996 में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने उन्हें राज्यसभा भेजा। 2000 में कार्यकाल पूरा होने पर पुन: 2000 से 2006 तक राज्यसभा में सपा का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद फिर पलटी मारी और बहुजन समाज पार्टी में शामिल हो गए।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने उन्हें घोसी लोकसभा सीट से 2009 में चुनाव लड़ाया और पहली बार लोकसभा सदस्य बने। उन्हें लोकसभा में संसदीय दल का नेता भी बनाया गया। वर्ष 2014 में पुन: बसपा के टिकट पर लोकसभा के लिए मैदान में उतरे किंतु भाजपा प्रत्याशी हरिनारायण राजभर के हाथों हार गए।
पढ़ेंः भदोही विधायक की भाजपा से इस्तीफे की खबर झूठी, बोले- पार्टी के लिए खून का एक-एक कतरा समर्पित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंच पर दारा सिंह चौहान।
- फोटो : अमर उजाला
देश में चल रहे सियासी तापमान को भांप दारा सिंह चौहान वर्ष 2015 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। यहां भी उन्हें सम्मान मिला और पिछड़ा वर्ग मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया। 2017 के चुनाव में पार्टी ने मधुबन विधानसभा से टिकट दिया, जहां से 30 हजार से अधिक वोटों से जीत कर प्रदेश सरकार में मंत्री बने। इसके बाद सियासी मौसम को देख फिर चुनाव के पहले पलटी मार गए।