फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mau News: रतनपुरा में 9.11 करोड़ रुपये से बनेगा अंडरपास, 30 से अधिक गांवों के लोगों को होगा फायदा

विज्ञापन
विज्ञापन
रतनपुरा रेलवे स्टेशन के पूर्वी गेट नंबर 23 पर अंडरपास के निर्माण के लिए भारत सरकार द्वारा 14 जुलाई को 9.11 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए गए हैं। हाईकोर्ट ने देवेंद्र प्रसाद मिश्रा द्वारा दाखिल जनहित याचिका में 18 जुलाई को अंतिम सुनवाई की तारीख दी है।
विज्ञापन

अब अंडरपास निर्माण का कार्य टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुरू हो जाएगा। 30 से अधिक गांवों के लोग अंडरपास या ओवरब्रिज निर्माण की मांग कर रहे थे। छह साल बाद उनका सपना साकार होने जा रहा है।
अब उन्हें तीन किमी की अतिरिक्त दूरी तय करके बाजार और ब्लॉक नहीं जाना होगा। वर्ष 2020 में इंदारा-फेफना रेलमार्ग पर रतनपुरा रेलवे स्टेशन के पूर्वी रेल समपार संख्या-23 को प्लेटफॉर्म नंबर दो के विस्तार के लिए बंद कर दिया गया था।
विज्ञापन

इससे इटैली, अतरौल पांडेय, बिसुकिया, कुड़सर, पहदेवाजीत, उमरपुर, नसीराबाद खुर्द सहित 30 ग्राम पंचायतों के लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ।
पहले गांवों के लोग 50 मीटर की दूरी तय करके रतनपुरा बाजार और ब्लॉक मुख्यालय जाते थे, लेकिन अब तीन किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। नजदीकी होने के चलते अब भी लोग प्लेटफॉर्म पार करके आते-जाते हैं।
क्षेत्रीय लोगों के प्रदर्शन और पत्रक सौंपने के बाद इस जगह अंडरपास बनाने की स्वीकृति दो साल पहले ही मिल गई थी। गति शक्ति कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों ने 23 जून, 2024 को रतनपुरा पहुंचकर जमीन का सीमांकन किया था और नक्शा तैयार किया था।
रेलवे बोर्ड ने ज्ञापन जारी कर इस परियोजना के लिए 9 करोड़ 11 लाख 57 हजार रुपये स्वीकृत होने की जानकारी दी है। परियोजना वित्तीय वर्ष 2026-27 में फेज-30 योजना के अंतर्गत स्वीकृत की गई है।
इसके तहत रतनपुरा यार्ड पर 2.75 मीटर ऊंचाई वाला लिमिटेड हाइट सब-वे बनाया जाएगा, जिससे रेलवे लाइन के दोनों ओर रहने वाले हजारों लोगों को सुरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
इस संबंध में किसान सभा के जिलाध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की थी। न्यायालय की सक्रियता और हस्तक्षेप के बाद रेलवे प्रशासन ने परियोजना पर आवश्यक कार्रवाई तेज की, जिसके बाद अब एजेंसी का नामांकन हो गया है और निर्माण कार्य का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
सपा नेता व सामाजिक कार्यकर्ता निसार अहमद ने भी इस मुद्दे को लगातार रेलवे प्रशासन के सामने रखा। उन्होंने समय-समय पर रेल मंत्री, रेलवे बोर्ड और पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से अंडरपास निर्माण की मांग के लिए पत्राचार किया।
- प्रतिक्रिया
अंडरपास बनने से हजारों लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी, दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और गेट संख्या 24 पर जाम से कुछ हद तक छुटकारा मिलेगा। एम्बुलेंस आदि के आवागमन में भी राहत मिलेगी। -निसार अहमद, सपा नेता
छह साल से चली आ रही अंडरपास की मांग पूरी होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी है। रेलवे प्रशासन से अपील है कि सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य बिना विलंब शुरू कराया जाए। -देवेंद्र प्रसाद मिश्रा, जिलाध्यक्ष, किसान सभा
दर्जनों गांवों को रतनपुरा बाजार से जोड़ने वाली रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से व्यापार प्रभावित था। उन गांवों के लोग बलिया जिले के भीमपुरा चले जाते थे। अंडरपास बनने से व्यापार में फिर से रौनक आएगी। -मोहन कुमार गुप्ता, व्यापारी नेता
प्लेटफॉर्म पार करके आते-जाते समय बीते छह साल में कई लोगों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। दो साल पहले रेलवे की कार्यदायी संस्था ने सीमांकन किया था। अब धनराशि स्वीकृत होने पर रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। -विवेक सिंह, अधिवक्ता
कोट-
रतनपुरा के पूर्वी गेट नंबर 23 पर अंडरपास के निर्माण के लिए बजट स्वीकृत हो गया है। इसका नक्शा पहले ही तैयार कर लिया गया था। टेंडर प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही काम शुरू होगा। -सुमित कुमार सिंह, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोंत्तर रेलवे
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें