मऊ। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के विश्वनाथपुर उसरी बुजुर्ग गांव के पास शुक्रवार की शाम दो पक्षों में कहासुनी के बाद आपसी वर्चस्व को लेकर हवाई फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। क्षेत्र में दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया। हालांकि फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ। कई राउंड फायरिंग होने की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी मौके से भाग निकले। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के विश्वनाथपुर गांव के पास उसरी निवासी एक व्यक्ति की दुकान पर पाराडीह निवासी एक युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते गाली गलौज के साथ मारपीट की नौबत आ गई। दोनों पक्षों से दर्जनों लोग हाथों में असलहा ले आमने सामने हो गए। इसी बीच आपसी वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों में असलहा लहराते हुए कई राउंड हवाई फायरिंग शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों पक्षों से आधा दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की गई। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। लेकिन इसके पहले ही दोनो पक्ष के लोग भाग निकले। घटना के बाद मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष दोहरीघाट अजीत दूबे जांच पड़ताल करते हुए फायरिंग करने वालों की पहचान में जुट गए। सीओ घोसी नरेश सिंह ने बताया कि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।