मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के देवसीपुर गांव की राजभर बस्ती में बीते शुक्रवार को हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटनास्थल के बगल में गन्ने के खेत से हत्या में प्रयुक्त रिवाल्वर बरामद किया है। इसके साथ ही मौके पर मिले खाली कारतूस और असलहा से फायरिंग की पुष्टि के लिए फारेंसिक जांच के लिए भेजा है। घटना के परिपेक्ष्य में पुलिस ने युवक के पिता और विवाहिता परिजनों से पूछताछ कर रही है। विगत 19 नवंबर को कोतवाली क्षेत्र के देवसीपुर गांव में में उस समय सनसनी फैल गई जब शाम लगभग साढ़े सात बजे राजभर बस्ती में एक युवक और विवाहिता की हत्या की खबर मिली।
पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां 26 वर्षीय विवाहिता और एक 24 वर्षीय युवक का शव पड़ा था। घटना के संबंध में विवाहिता की मां तारा देवी ने बताया कि मृतक युवक ने पहले मेरी बेटी को गोली मारने और बाद में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर लिया है। हालांकि मौके से कोई असलहा न मिलने पर मृतका की मां की कहानी में लोच नजर आ रहा है। इस बीच घटना के दूसरे दिन शनिवार को मृतक युवक सुधाकर के पिता कैलाश ने अपने पुत्र की हत्या किए जाने की आशंका जताया और पुलिस को तहरीर दिया तो मामला और उलझ गया।
पुलिस ने रविवार की देर शाम मृतका के माता की निशानदेही पर घटनास्थल से थोड़ी ही दूर गन्ने के खेत से बरामद कर लिया गया है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी राजकुमार सिंह ने बताया कि असलहा बरामद होने से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मौके पर मिले खाली कारतूस से फायर करने की पुष्टि के लिए इसे फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी कनपटी में सीधे और नजदीक से सटाकर मारने की बुलेट इंजरी की रिपोर्ट आई है। बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखके जांच की जा रही है।